अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ ने किया “आतंकवाद विरोधी दिवस रैली 2026” का आयोजन 

बल्लभगढ़ । अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ की एनएसएस इकाइयों (यूनिट I, II एवं III) द्वारा गोद लिए गए गांव चंदावली में “आतंकवाद विरोधी दिवस रैली” का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज को आतंकवाद के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा शांति, एकता, सद्भावना और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देना था। रैली में एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आतंकवाद विरोधी संदेशों और नारों से युक्त तख्तियां लेकर गांव में जागरूकता फैलायी।
नारेबाजी एवं जनसंपर्क के माध्यम से स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों को हिंसा के विरुद्ध एकजुट रहने तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया।रैली के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर आतंकवाद के मानवता एवं राष्ट्रीय एकता पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। स्वयंसेवकों ने बताया कि शांति और एकता ही समाज की वास्तविक शक्ति हैं तथा राष्ट्र में सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। इस अवसर पर आतंकवाद विरोधी शपथ भी दिलाई गई, जिससे विशेष रूप से युवाओं को आतंकवाद मुक्त भारत के निर्माण हेतु प्रेरित किया जा सके।
इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों में सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रीय एकता एवं साम्प्रदायिक सौहार्द के प्रति जागरूकता उत्पन्न हुई।यह कार्यक्रम डॉ. सी. एस. वशिष्ठ, कार्यवाहक प्राचार्य के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. प्रियंका सहरावत (कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस यूनिट II), डॉ. दीपमाला धनखड़ (कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस यूनिट III) एवं सुश्री पूनम शर्मा (कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस यूनिट I) द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन एक प्रेरणादायक संदेश के साथ हुआ— मोटो: जब युवा जागेगा, तभी आतंकवाद भागेगा।
You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.