पुल की बेयरिंग में गड़बड़ी मिली तो कंपनी को कर दूंगा ब्लैकलिस्ट : नितिन गडकरी

फरीदाबाद। केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को सेक्टर-65 में निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के डीएनडी फरीदाबाद सोहना एक्सेस कंट्रोल प्वाइंट का निरीक्षण करने पहुंचे। यह एक्सेस कंट्रोल प्वाइंट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली, गुरुग्राम समेत मुंबई वडोदरा एक्सप्रेस-वे को कनेक्ट दे रहा है। वे दिल्ली परिवहन निगम की एयरकंडीशन देवी बस सेवा से यहां पहुुंचे। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) अधिकारियों से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री के हावभाव अचानक तीखे हो गए। वे एनएचएआइ अधिकारियों से बोले कि मुझे ब्रिज बेयरिंग्स में गड़बड़ी की बात पता चली है, मैं इसे चेक करूंगा, यदि वे मानक पर नहीं हुए तो कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर दूंगा, उन्हें समझा देना। केंद्रीय मंत्री की तल्खी पर कुछ सेकेंड वहां सन्नाटा छा गया। इस दौरान ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के टीम लीडर जयकर ने कहा, सर, कोई कमी नहीं रहेगी। हम डिजाइन, सुरक्षा और क्वालिटी से समझौता नहीं कर रहे। केंद्रीय मंत्री ने कहा, बिल्कुल, ये सिक्सलेन एक्सेस कंट्रोल प्वाइंट है, यहां मुंबई, दिल्ली, गुरुग्राम का ट्रैफिक एक साथ मिलेगा। हैवी लॉजिस्टिक ट्रैफिक मूव करेगा तो उसका वजन और पुल का वजन बेहतरीन बेयरिंग टेक्नोलाजी पर ही टिक पाएगा। अपनी बात कहते हुए केंद्रीय मंत्री गडकरी आगे बढ़ गए। यहां करीब दस मिनट रुककर वे अपनी स्पेशल बस में बैठे और वापस दिल्ली चले गए। बता दें, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे 3600 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है। 31 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर कैल गांव के पास अहम इंटरचेंज बन रहा है। एनएचएआइ अधिकारियों ने सेक्टर-65 स्थित प्वाइंट को डीएनडी फरीदाबाद सोहना सिक्स लेन एक्सेस कंट्रोल हाइवे नाम दिया गया है। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, लोकनिर्माण राज्य मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिहं बिधूड़ी, दिल्ली के लोकनिर्माण मंत्री परवेश साहिब वर्मा भी मौजूद थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.