फरीदाबाद को जल्द मिलेंगी रेड लाइट फ्री कॉरिडोर और रैपिड मेट्रो की सौगात : कृष्णपाल गुर्जर

केंद्रीय मंत्री ने किया सेक्टर- 45 और 46 की डिवाइडिंग रोड का शिलान्यास

फरीदाबाद। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, आधारभूत संरचना एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने रविवार देर सायं वार्ड नंबर-20 क्षेत्र में विकास कार्यों के तहत सेक्टर-45 एवं सेक्टर-46 की डिवाइडिंग रोड पर अंडरपास से सिद्धदाता आश्रम रोड तक लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सडक़ परियोजना का नारियल तुड़वाकर विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर बडख़ल विधायक धनेश अदलखा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को भी सुनकर उनका जल्द से जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद फरीदाबाद में विकास कार्यों ने नई गति पकड़ी है और क्षेत्र की अधिकांश मूलभूत समस्याओं का समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि तय समय सीमा में विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-45 की वर्षों पुरानी सीवर समस्या के समाधान के लिए लगभग 2.25 करोड़ रुपये की लागत से नई सीवर लाइन डालने का कार्य अगले दस दिनों में शुरू होगा। वहीं सेक्टर-46 में लगभग सवा दो करोड़ रुपये की लागत से बारात घर निर्माण का कार्य भी जल्द प्रारंभ किया जाएगा।

इसके अलावा सेक्टर-45 एवं 46 की मुख्य सडक़ को लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लागत से विशेष तकनीक के माध्यम से विकसित किया जाएगा, ताकि पहाड़ी क्षेत्र से आने वाले पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। सडक़ के साथ दोनों ओर ड्रेनेज और सुरक्षा व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि मेवला अंडरपास क्षेत्र में अंधी चढ़ाई (ब्लाइंड स्पॉट) और जलभराव की समस्या दूर करने के लिए सडक़ को नीचे किया जाएगा तथा ड्रेन और जालियां लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के पार्कों में चारदीवारी, जिम, फुटपाथ और स्ट्रीट लाइट सहित अधिकांश विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले सेक्टर-45 और 46 के लोगों को जाम और रेलवे फाटकों के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज अंडरपास, चौड़ी सडक़ें और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। साथ ही मेवला श्मशान घाट तक जाने वाली सडक़ को भी आरएमसी सडक़ बनाकर सुगम बनाया गया है।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 2800 करोड़ रुपये की लागत से 11000 केवी की सभी बिजली लाइनों को भूमिगत करने का कार्य शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मई माह तक सर्वे कार्य पूरा कर जून के प्रथम पखवाड़े में परियोजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि भारत सरकार के केंद्रीय सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्री के साथ आगामी 19 मई को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और डीएनडी से जुड़ी परियोजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद फरीदाबाद की देशभर से कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गुडग़ांव-फरीदाबाद-नोएडा रैपिड मेट्रो परियोजना को भी केंद्र सरकार से मंजूरी दिलाई जाएगी, जिस पर लगभग 15 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद गुडग़ांव से नोएडा तक की यात्रा अत्यंत कम समय में संभव हो सकेगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.