राजकुमार भाटी के खिलाफ ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, पुलिस में दी शिकायत

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ में रविवार को सनातन समाज फाउंडेशन और सर्व ब्राह्मण संघ के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से थाना शहर पहुंचकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ प्रदर्शन कर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। प्रदर्शन ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि राजकुमार भाटी द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी से ब्राह्मण समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है और समाज में आक्रोश का माहौल है। सनातन आर्मी प्रमुख दीपक गौड़ ने कहा कि राजकुमार भाटी ने सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज को अपमानित करने के उद्देश्य से अभद्र टिप्पणी की है।

उनका कहना है कि यह कोई सामान्य टिप्पणी नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से समाज को अपमानित करने की कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाटी ने जाट और गुर्जर समाज की महिलाओं को लेकर भी अशोभनीय बयान दिया है, जिससे विभिन्न समाजों के बीच वैमनस्य फैलाने की कोशिश की जा रही है। दीपक गौड़ ने कहा कि ऐसे लोगों को समाज में खुला छोडऩा समाज की एकता और अखंडता के लिए खतरा बन सकता है, इसलिए इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। वहीं, एडवोकेट अवधेश शर्मा ने कहा कि राजकुमार भाटी ने सार्वजनिक रूप से ब्राह्मण जाति को निशाना बनाकर टिप्पणी की है। इस बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके कारण ब्राह्मण समाज के लोगों में भारी रोष है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने भाटी की इस अमर्यादित टिप्पणी का समर्थन करते हुए सार्वजनिक रूप से ब्राह्मण समाज का मजाक उड़ाया और ठहाके लगाए, जो बेहद निंदनीय है। उनका कहना है कि यह कृत्य समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे का प्रयास भी है। इस दौरान ब्राह्मण सभा बल्लभगढ़ के अध्यक्ष ब्रिजमोहन वशिष्ठ ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियों से अलग-अलग जातियों के बीच नफरत और हिंसा की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि राजकुमार भाटी सहित इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत मामला दर्ज किया जाए। प्रदर्शन के दौरान संगठनों के पदाधिकारियों ने पुलिस को लिखित शिकायत भी सौंपी। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.