रेलवे अंडरपास परियोजना को मिली रफ्तार, 20 मई को होगा भव्य शिलान्यास
राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया और रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू रखेंगे आधारशिला
ज़ीरकपुर/बलटाना, 16 मई।
रायपुर कलाँ–हरमिलाप नगर रेलवे फाटक संख्या 123 पर बनने जा रही बहुप्रतीक्षित रेलवे अंडरपास परियोजना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को उत्तर रेलवे अंबाला मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने परियोजना स्थल का दौरा कर शिलान्यास समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ईस्मित सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता नवीन छिकारा सहित प्रोटोकॉल, सिविल, विद्युत एवं यांत्रिक विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को कार्यक्रम एवं निर्माण कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर संयुक्त संघर्ष समिति की पूरी टीम प्रधान प्रताप सिंह राणा के नेतृत्व में मौके पर उपस्थित रही। खादी ग्रामोद्योग चंडीगढ़ के सदस्य एवं राजस्थान परिवार के संस्थापक पवन शर्मा ने सभी अधिकारियों का परन्ना पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
अधिकारियों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से रेलवे फाटक स्थल का निरीक्षण किया तथा 20 मई को आयोजित होने वाले शिलान्यास समारोह की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
संयुक्त संघर्ष समिति के प्रधान प्रताप सिंह राणा एवं समाज सेवी पवन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 मई, बुधवार को प्रातः 10 बजे पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाबचंद कटारिया तथा भारत सरकार में रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के करकमलों द्वारा रेलवे अंडरपास परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक सौगात साबित होगी। लंबे समय से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम, आवागमन में परेशानी और दुर्घटनाओं की आशंका से लोग परेशान थे। अंडरपास बनने के बाद लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।
स्थानीय निवासियों में इस परियोजना को लेकर भारी उत्साह और खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
