जनगणना कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं समन्वय जरूरी : आयुष सिन्हा

मंडलायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना कार्यों की समीक्षा की

फरीदाबाद। फरीदाबाद मंडल के मंडलायुक्त संजय जून ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फरीदाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों के उपायुक्तों के साथ जनगणना 2027 की समीक्षा के संबंध में समीक्षा बैठक की। फरीदाबाद से उपायुक्त आयुष सिन्हा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और जिले में चल रहे जनगणना 2027 कार्य की प्रगति रिपोर्ट मंडलायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की।  वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड में किए गए कार्यों का डेटा समय पर पोर्टल पर अपलोड एवं सिंक किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल यह मान लेना पर्याप्त नहीं है कि फील्ड स्टाफ ने कार्य पूरा कर लिया है, बल्कि प्रत्येक सुपरवाइजर एवं एन्यूमरेटर से वास्तविक स्थिति की पुष्टि करना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऑफलाइन डेटा को जल्द से जल्द ऑनलाइन अपडेट किया जाए ताकि प्रगति रिपोर्ट सही तरीके से परिलक्षित हो सके। डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि जनगणना 2027 के कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसके लिए सभी अधिकारी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी सप्ताह में पुन: सुपरवाइजर्स की बैठक आयोजित कर प्रगति की समीक्षा की जाए तथा ज्यादा से ज्यादा लक्ष्य निर्धारित समय तक पूरा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग एवं समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि सुपरवाइजर्स के साथ बैठक कर एक-एक कार्य की समीक्षा की गई है तथा अधिकांश टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। डीसी ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर कार्य लंबित है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए तथा संबंधित सुपरवाइजर्स एवं एन्यूमरेटर्स को बुलाकर कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड स्टाफ के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें और उन्हें स्पष्ट रूप से कार्य की प्राथमिकता एवं समय सीमा के बारे में अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि पूरा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, बडख़ल तहसीलदार नेहा सहारन, बल्लभगढ़ तहसीलदार भूमिका लांबा सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.