फरीदाबाद की विवाहिता की यूपी में हत्या:प्रेमी से शादी करना चाहती थी
फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ सेक्टर-3 स्थित शिव कॉलोनी की रहने वाली 25 वर्षीय विवाहिता का शव उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में मिला। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 8 मई की सुबह गजरौला रेलवे स्टेशन के पास जंगलनुमा इलाके की झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और महिला की पहचान करने का प्रयास किया।
जांच के दौरान महिला की पहचान बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 शिव कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय तनु के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन गजरौला पहुंचे और शव की पहचान तनु के रूप में की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतका तनु की मां मीना ने बताया कि उनकी बेटी 6 मई को घर से यह कहकर निकली थी कि वह अपने बेटे दीपांशु का स्कूल में एडमिशन कराने जा रही है और शाम तक वापस लौट आएगी। लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोग उसकी ससुराल प्याली गांव भी पहुंचे, जहां उसका बेटा अपनी दादी के पास रहता है, लेकिन वहां भी तनु नहीं पहुंची थी।
मीना के अनुसार बाद में जानकारी मिली कि तनु कामिल नाम के युवक के साथ गजरौला गई हुई है। परिजनों ने कई बार उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई संपर्क नहीं हो पाया। 8 मई को गजरौला थाना पुलिस की ओर से फोन आया कि रेलवे स्टेशन के पास एक महिला का शव मिला है और पहचान के लिए बुलाया गया है। जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो पता चला कि वह शव उनकी बेटी तनु का ही है।
मीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की शादी प्याली गांव में सुनील नाम के युवक से हुई थी। तनु के दो बच्चे हैं, जिनमें 10 साल का बेटा दीपांशु और 7 साल की बेटी शामिल हैं। उनका कहना है कि तनु एक अस्पताल में क्लीनर का काम करती थी।
