फरीदाबाद में इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी आग:लाखों का सामान जलकर खाक

फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित अंबेडकर चौक पर विनीत ट्रेडिंग कंपनी नाम की दुकान में देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि यह आग रात करीब 2 बजे दुकान के अंदर हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार दुकान के अंदर मोबाइल फोन, मोबाइल एसेसरीज, कूलर, पंखे, एसी, स्पीकर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था। आग लगने के बाद देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 60 से 70 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलने के बाद फायर विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया समय रहते आग बुझा दी गई। जिससे आसपास की दुकानों तक आग फैलने से बच गई।

दुकान के मालिक हर्षित ने बताया कि रात करीब 2 बजे पड़ोस में रहने वाले लोगों ने पुलिस को दुकान में आग लगने की सूचना दी थी। पुलिस ने उन्हें फोन कर इसकी जानकारी दी। जब वह मौके पर पहुंचे, तो फायर विभाग की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई थी और दुकान के अंदर से तेज धुआं निकल रहा था। शटर खोलने पर देखा गया कि दुकान के पीछे वाले हिस्से में आग लगी हुई थी और सामान तेजी से जल रहा था।

हर्षित के अनुसार उनकी दुकान में करीब 60 से 70 लाख रुपए का सामान रखा हुआ था। जिसमें सबसे ज्यादा मोबाइल फोन और मोबाइल एसेसरीज थी। इसके अलावा कूलर, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी रखा था, जो सभी आग में जल गए। उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब दो साल से बल्लभगढ़ के अंबेडकर चौक पर विनीत ट्रेडिंग कंपनी के नाम से यह दुकान चला रहे हैं।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.