पत्नी से विवाद में पति ने दो बच्चों सहित नहर में लगाई छलांग
फरीदाबाद। पत्नी से हुए विवाद में गुस्साए पति ने रविवार रात अपने दो बच्चों सहित डीग-फतेहपुर बिल्लौच स्थित आगरा नहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को व्यक्ति की बाइक नहर के पुल पर खड़ी हुई मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्चों के साथ नहर में कूदने वाले व्यक्ति का नाम भगवत दयाल ( 35) है। जो अपने बेटे सम्राट (8) और युग (5) के साथ आगरा नहर में कूदा था। इनमें से 8 साल का सम्राट पुलिस को 5 किलोमीटर दूर नहर के किनारे जिंदा मिल गया है। पुलिस सूत्रों से अनुसार व्यक्ति और उसकी पत्नी के बीच में विवाद चल रहा था। जिसके चलते वह परेशान था।
हांलाकि परिवार की तरफ से इसको लेकर कोई जानकारी नही दी गई है। सूचना पाकर पहुंची डायल 112 के पुलिस कर्मचारी सुरेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कंट्रोल रूम से उनके पास सूचना पहुंची थी कि आगरा नहर में कोई व्यक्ति अपने दो बच्चों को लेकर कूद गया है। यहां पर मौके पर आने के बाद उन्होंने एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। पुलिस के मुताबिक व्यक्ति की बाइक आगरा नहर के ऊपर बने पुल पर खड़ी हुई मिली है। युवक पलवल के गांव असावटी का रहने वाला बताया जा रहा है।
व्यक्ति की बाइक भी पलवल नंबर के नाम से है। पुलिस का कहना है कि वो जांच कर रहे है। एसडीआरएफ की टीमें पिता-पुत्र की तलाश में जुटी हुई है। गौरतलब है कि बीते शनिवार की शाम को सचिन नाम के डेंटल सर्जन ने सेक्टर 17 के पुल से आगरा नहर में कूदकर अपनी जान दे दी थी। उसका भी पहले पत्नी के साथ विवाद हुआ। जिसके बाद वह अपनी गाड़ी खड़ी करके नहर में कूद गया। सचिन बल्लभगढ़ की यादव कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता था और वहीं पर उसने अपने दांतों का अस्पताल खोला हुआ था।
