‘ट्री मैन’ एस.एस. बांगा उद्योग एवं पर्यावरण क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु हुए सम्मानित
फरीदाबाद। शहर के प्रख्यात पर्यावरण प्रेमी एवं ‘ट्री मैन’ के नाम से विख्यात एस.एस. बांगा को डब्ल्यूपीओ अवॉड्र्स गाला 2026 में ‘औद्योगिक उद्यमिता एवं सामाजिक प्रभाव’ के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया तथा दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू द्वारा प्रदान किया गया। इस भव्य आयोजन का नेतृत्व सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों, उद्योग जगत के अग्रणी चेहरों एवं समाजसेवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा तथा ष्ठस्त्ररूष्ट के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें व्यापार नेतृत्व, सिनेमा, उद्यमिता, पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, खेल, प्रशासन, फैशन, एवं वैश्विक व्यापार जैसे क्षेत्र शामिल रहे। एस.एस. बांगा को यह सम्मान उनकी ट्री एम्बुलेंस सेवा, व्यापक पौधारोपण अभियानों तथा मंदिरों में चढऩे वाले फूलों के रीसायकल जैसी अभिनव पर्यावरणीय पहलों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने हेतु प्रदान किया गया। उनकी ‘ट्री एम्बुलेंस’ पहल पेड़ों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, वहीं पौधारोपण अभियानों ने फरीदाबाद में हरियाली बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
मंदिरों से एकत्रित फूलों के रीसायकल की उनकी पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नवाचार के रूप में उभर रही है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने एस.एस. बांगा के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणादायक बताया। यह सम्मान उनके निरंतर प्रयासों, सामाजिक प्रतिबद्धता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
