नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित करें अधिकारी: सलोनी शर्मा
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद की एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सभी जोन के जॉइंट कमिश्नरों, सफाई निरीक्षकों तथा सहायक सफाई निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्थाए संसाधनों के उपयोग और कार्यों की निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों पर नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा के मार्गदर्शन में बैठक के दौरान एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यों की नियमित रूप से निगरानी करें और नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यदि कोई ठेकेदार नगर निगम के नियमों और शर्तों के अनुरूप कार्य नहीं कर रहा है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी जॉइंट कमिश्नरों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने जोन में सफाई निरीक्षकों और सहायक सफाई निरीक्षकों के साथ नियमित बैठक कर सफाई कार्यों की समीक्षा करें।
उन्होंने कहा कि शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों में भी किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम द्वारा आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। बैठक में एडिशनल कमिश्नर तृतीय परमजीत चहल सहित जॉइंट कमिश्नर, एसबीएम और सफाई विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।
