अग्निकांड में शहीद हुए कर्मचारी के परिवार को न्याय दे सरकार : नरेश शास्त्री

फायर कर्मियों व निगम कर्मचारियों ने विधायक मूलचंद शर्मा को सौंपा ज्ञापन

फरीदाबाद। अग्निकाड़ में शहीद हुए रणवीर में भवी चंद को न्याय दिलाने के लिए फायर कर्मचारी व नगर निगम के कर्मचारियों ने आज सेक्टर-8 पूर्व मंत्री व बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा के कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को विधायक मूलचंद शर्मा ने मुख्यमंत्री से बात कर फायर कर्मचारी की मांगों एवं रणबीर व भवी चंद को शहीद का दर्जा दिलवाने के लिए आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का नेतृत्व सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव बलवीर बालगुहेर, नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान दलीप बोहत व जिला सचिव अनिल चिंडालिया व हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के नेता मेघ श्याम, राकेश एवं विजयपाल भडाना ने किया।
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ईमानदारी, कर्मठता, निष्ठा से काम करने वाले कर्मचारियों को न्याय प्रदान नहीं कर रही है।

श्री शास्त्री ने सरकार के न्यायप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में झूला दुर्घटना में मारे गए पुलिस के निरीक्षक को एक करोड़ रूपया, सरकारी नौकरी शहीद का दर्जा देकर सम्मानित किया है, तो सेक्टर-24 मुजेसर गांव स्थित कालकाजी कंपनी में आगजनी एवं भयानक विस्फोट के दौरान आम आदमी की जान बचाते हुए पुलिस के उप निरीक्षक रवि व फायर विभाग के कर्मचारी भवी चंद शर्मा व रणबीर को एक करोड़ रूपया, आर्थिक लाभ, नियमित नौकरी एवं शहीद का सम्मान देने में क्यों देरी की जा रही है।

श्री शास्त्री ने कहा कि फायर कर्मचारी की हड़ताल आज 16 वें दिन में प्रवेश कर चुकी है प्रदेश भर में लगातार आगजनी की घटनाएं हो रही है, लेकिन सरकार आम आदमी की जान माल की चिंता नहीं कर रही है। श्री शास्त्री ने सरकार पर आम आदमी के अहित करने एवं कर्मचारी के प्रति हठधर्मिता अपनाने का आरोप भी लगाया। श्री शास्त्री ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर कल 24 अप्रैल से हरियाणा के सभी 93 शहरों में झाडू प्रदर्शन शुरू हो जाएंगे, जो 25 अप्रैल तक जारी रहेंगे।

शास्त्री ने चेतावनी दी है कि फायर कर्मचारी की हड़ताल के साथ नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा भी सफाई कर्मचारियों की जा रही अनदेखी और शोषण के खिलाफ 1 मई से 2 दिन की हड़ताल करने जा रहे हैं।
आज के प्रदर्शन में कर्मचारी नेता अनूप चिंडालिया, प्रदीप चावरिया, नरेश भगवान, बल्लू चिंडालिया, महिला नेता सुरेश देवी सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.