फरीदाबाद की प्रतिभा ने जीता स्वर्ण पदक, सेकंड टीएफसी इंटर स्कूल योगासन चैंपियनशिप 2026 में किया शानदार प्रदर्शन

फरीदाबाद । डीसी मॉडल स्कूल की छात्रा प्रतिभा ने सेकंड टीएफसी इंटर स्कूल योगासन चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता नई दिल्ली के बवाना स्थित जीआर इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित की गई थी। दो दिनों तक चले इस आयोजन में दिल्ली-एनसीआर के करीब 28 स्कूलों के 350 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सब जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने योगासन की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

चैंपियनशिप में फरीदाबाद की 10 वर्षीय प्रतिभा ने सब जूनियर आयु वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतिभा, शहर के जोनल बाल कल्याण अधिकारी कमलेश शास्त्री की पुत्री हैं और डीसी मॉडल स्कूल में कक्षा पांचवीं की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे फरीदाबाद में खुशी का माहौल है। प्रतिभा की इस सफलता पर उनके सम्मान में एक स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ के नेता ठाकुर शैलेंद्र सिंह द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बोलते हुए ठाकुर शैलेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार की खेल नीति के कारण आज प्रदेश के बच्चे और युवा हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है, जिससे हरियाणा का नाम देशभर में रोशन हो रहा है। और योग प्रशिक्षका शोभा रानी को भी सम्मानित किया एवं हार्दिक बधाइयां दी।

वहीं, जोनल बाल कल्याण अधिकारी कमलेश शास्त्री ने कहा कि आज हरियाणा की बेटियां हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को घर तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें खेल और अन्य गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि उनका समग्र विकास हो सके। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभा को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर विमल खंडेलवाल भाजपा नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी, द्रोणाचार्य किंगडम किड्स स्कूल की डायरेक्टर नीरज सिंह, समाजसेवी महेंद्र सिंह, गांव मरौली के पूर्व सरपंच मोहन हरि अशोक, अरविन्द कुमार, ईशा गुलाटी, कमल कांत समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.