‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ महिला सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण कदम : किरण चौधरी

राज्यसभा सांसद ने जिला भाजपा कार्यालय पर किया प्रेस वार्ता को संबोधित

फरीदाबाद। राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में समान अवसर प्रदान करेगा तथा देश के लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाएगा। किरण चौधरी सोमवार को फरीदाबाद के सेक्टर-15ए स्थित भाजपा जिला कार्यालय ‘अटल कमल’ पर प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित कर रही थी। किरण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम उसी सोच का परिणाम है, जिसके तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जाएगा।

इससे देश की आधी आबादी को नीति-निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा। किरण चौधरी ने आगे कहा कि वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित कर भाजपा सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वह केवल वादों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि ठोस कदम उठाकर उन्हें धरातल पर लागू भी करती है। इस अधिनियम से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज़ को बेहतर तरीके से प्रतिनिधित्व मिलेगा। किरण चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं के लिए अनेकों योजनाएं चलाई और उन्हें धरातल पर भी उतारा। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना और मातृत्व वंदना योजना जैसी पहलों ने महिलाओं के जीवन स्तर में व्यापक सुधार किया है।

इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा प्रदान की गई है। किरण चौधरी ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, जबकि जन धन योजना ने उन्हें बैंकिंग प्रणाली से जोडक़र आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। वहीं, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान ने समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम आने वाले समय में भारतीय राजनीति की तस्वीर बदल देगा। इससे न केवल महिलाओं को नेतृत्व के अवसर मिलेंगे, बल्कि देश के विकास में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावशाली होगी। किरण चौधरी ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी। हरियाणा सरकार में पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने अपने वक्तव्य में कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक और प्रभावशाली कदम उठाए हैं।

उन्होंने सदैव महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी है। उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाएँ इसका प्रमाण हैं। फरीदाबाद नगर निगम की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि भारत के भविष्य की दिशा तय करने वाला एक निर्णायक कदम है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और कुशल नेतृत्व से बार-बार यह सिद्ध किया है कि वे किसी से कम नहीं हैं। जब देश की आधी आबादी नेतृत्व में आगे आएगी, तभी विकास वास्तव में समावेशी, संतुलित और टिकाऊ बन पाएगा।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम इस विश्वास को और मजबूत करता है कि सशक्त महिला ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। अब समय आ गया है कि हम बहनों को आगे बढ़ाएं, उन्हें उनकी क्षमता का एहसास कराएं और हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रेस वार्ता में पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, नगर निगम की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, महिला मोर्चा प्रदेश सचिव गीता रक्षवाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्षा राजबाला सरदाना, प्रदेश महिला मोर्चा कार्यलय सचिव अनीता शर्मा, स्वेता शर्मा, अलका भाटिया, किरन सौरोत जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, प्रवक्ता आभास अग्रवाल उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.