कम नंबर आने पर 11वीं के स्टूडेंट ने किया सुसाइड

फरीदाबाद। नवीन नगर चौकी क्षेत्र के गांधी नगर इलाके में किराए के मकान में रहने वाले 18 वर्षीय छात्र ने परीक्षा में कम नंबर आने से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मृतक आयुष पुत्र कृष्णा चौधरी, 11वीं कक्षा का छात्र था। आयुष अपने परिवार के साथ गांधी नगर में किराए के मकान में रहता था। सोमवार को उसके स्कूल का 11वीं कक्षा का परिणाम घोषित हुआ था, जिसमें उसके अपेक्षा से कम नंबर आए थे। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वह काफी परेशान और तनाव में था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात को आयुष ने परिवार के साथ खाना खाया और उसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया।

उस समय परिवार के किसी सदस्य को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। मंगलवार सुबह जब परिजन उसे जगाने के लिए उसके कमरे में पहुंचे तो दरवाजा खोलकर देखा कि आयुष कमरे में पंखे से फंदा लगाकर लटका हुआ था। यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नवीन नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को नीचे उतरवाकर बीके सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नवीन नगर चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि आयुष दिल्ली के मोड़बंद इलाके के पास स्थित सरकारी स्कूल नंबर-1 में 11वीं कक्षा का छात्र था।

सोमवार को उसका रिजल्ट आया था और कम नंबर आने की वजह से वह परेशान था। परिवार वालों ने भी पुलिस को यही जानकारी दी है। मृतक के पिता का नाम कृष्णा चौधरी है और परिवार में दो भाई हैं, जिनमें आयुष बड़ा था और उसका एक छोटा भाई भी है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.