अब मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के लिए विशेष ट्रेन 28 मार्च को अयोध्या के लिए होगी रवाना

- 23 मार्च तक करवा सकते हैं ऑनलाइन पंजीकरण

फरीदाबाद । हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत पात्र वृद्धजन लाभार्थियों को निशुल्क तीर्थ स्थानों पर यात्रा करवाई जाती है। इसी कड़ी में हरियाणा सरकार द्वारा पात्र वृद्धजनों को अयोध्या स्थित राम मंदिर के दर्शन करवाने के लिए 28 मार्च को विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। पहले यह विशेष ट्रेन के 26 मार्च को रवाना होनी थी।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी मूर्ति दलाल ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत यात्रा करने के इच्छुक वृद्ध जन 23 मार्च तक www.saralharyana.nic.in पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। इस योजना के लिए पात्र लाभार्थी की आयु 60 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। वह हरियाणा का स्थाई निवासी होना चाहिए। इसके अलावा उसकी वार्षिक आय एक लाख 80 हजार से कम होनी चाहिए।

इस योजना के तहत पहली विशेष ट्रेन 28 मार्च को अंबाला से रवाना होगी। इस ट्रेन में फरीदाबाद जिला के पंजीकृत यात्री भी सवार हो सकेंगे। यह विशेष ट्रेन 28 मार्च को दोपहर 03:00 बजे अंबाला रेलवे स्टेशन से रवाना होगी, जिसे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया जाएगा। फरीदाबाद जिला के यात्री दिल्ली से ट्रेन में सवार हो सकेंगे।

यात्रा करने वाले सभी लाभार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, दो फ़ोटो लेकर आना अनिवार्य है। यात्रा से पहले जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय द्वारा पंजीकृत श्रद्धालु को एक आई कार्ड भी दिया जाएगा। साथ ही लाभार्थियों को अपने निकटतम रेलवे स्टेशन दिल्ली में स्वयं पहुंचना होगा।

जिन लोगों का सरल पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होगा उन्हें डीआईपीआरओ कार्यालय द्वारा आईडी कार्ड जारी किए जाएंगे, जिनके आधार पर ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी। सरल पोर्टल पर पंजीकरण करवाने वाले श्रद्धालुओं को इसकी सूचना रविवार 22 मार्च की दोपहर तीन बजे तक लघु सचिवालय स्थित ग्राउंड फ्लोर पर डीआईपीआरओ कार्यालय में भी देनी होगी ताकि पंजीकृत यात्रियों की जानकारी रेलवे को समय पर दी जा सके।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.