फरीदाबाद को मिले 14 नए राज्य स्तरीय योगासन जज

फरीदाबाद। हरियाणा योग आयोग एवं हरियाणा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘हरियाणा स्टेट लेवल योगासन जज ट्रेनिंग प्रोग्राम’ में फरीदाबाद जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कुरुक्षेत्र के गीता ज्ञान संस्थान में संपन्न हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में फरीदाबाद के 14 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक परीक्षा उत्तीर्ण कर ‘राज्य स्तरीय योगासन जज’ का दर्जा प्राप्त किया है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 मार्च से 17 मार्च 2026 तक हाइब्रिड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) मोड में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने योगासन खेल में निष्पक्ष निर्णय और तकनीकी अधिकारियों की महत्ता पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को योगासन प्रतियोगिता के नियमों, मार्किंग सिस्टम और जजिंग की आधुनिक तकनीकों से रूबरू कराया। फरीदाबाद से प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सफल प्रतिभागियों में मुख्य रूप से तबस्सुम, श्वेता, ममता सिंह, शोभा रानी, नाज़नीन फिरदौस, अंशिका, दिव्या, मनीषा, जतिन, अनिल कुमार, अजय कुमार, राजू, अंकित कुमार तथा मांगे राम शामिल हैं। ये सभी अब भविष्य में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभाने के लिए अधिकृत होंगे।

इस उपलब्धि पर जिला समन्वयक अंकुर सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिले को एक साथ 14 विशेषज्ञ जज मिलने से यहां योगासन खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। वहीं, योग क्षेत्र से जुड़े श्याम कुमार ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से तकनीकी अधिकारियों की गुणवत्ता में सुधार होता है, जिसका सीधा लाभ खिलाड़ियों को मिलता है। इस सफलता से जिले के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.