सेक्टर-29 के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर आरडब्ल्यूए और निगम अधिकारियों की अहम बैठक

फरीदाबाद। सेक्टर-29 हुड्डा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के नवनिर्वाचित प्रधान बलराज गुप्ता ने अपनी कार्यकारिणी के साथ निगम पार्षद अनिल नागर और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सेक्टर के रुके हुए विकास कार्यों को गति देना और सौंदर्यीकरण की योजनाओं को अमलीजामा पहनाना रहा।

बैठक की जानकारी देते हुए समाजसेवी हरीश चन्द्र आज़ाद ने बताया कि प्रधान बलराज गुप्ता ने अपनी टीम का परिचय निगम पार्षद, एसडीओ और जेई के साथ करवाया। सेक्टर की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए टीम के पदाधिकारियों को पॉकेट वाइज जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्षद अनिल नागर ने भरोसा दिलाया कि इन पदाधिकारियों द्वारा दी जाने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तुरंत समाधान किया जाएगा।
प्रधान बलराज गुप्ता ने अपने चुनावी घोषणा पत्र के प्रमुख मुद्दों को बैठक में पुरजोर तरीके से उठाया।

सामुदायिक केंद्र के समीप सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद ने निर्देश दिए कि इस क्षेत्र को टीन की चदरों से कवर कर व्यवस्थित कूड़ादान बनाया जाएगा। कूड़ा फेंकने वालों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा, सेक्टर के मुख्य चौराहों पर हाईमास्क लाइटें और पार्कों व मार्केट में फेसिंग लाइटें लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। जलभराव की समस्या से निपटने और बरसाती पानी को बचाने के लिए सामुदायिक केंद्र, काली मंदिर और होली चाइल्ड स्कूल जैसे प्रमुख स्थानों के पास ‘वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम’ लगाए जाएंगे। साथ ही सेक्टर के चौराहे पर रेड लाइट लगाने और पार्कों के जीर्णोद्धार का कार्य भी जल्द शुरू होगा।

पार्षद अनिल नागर ने मौके पर मौजूद एसडीओ प्रेम सैनी और जेई दीपक गुर्जर सहित अन्य तकनीकी अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की फाइलें जल्द तैयार कर काम शुरू किया जाए। अंत में प्रधान बलराज गुप्ता ने कहा कि वे सेक्टरवासियों से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए वचनबद्ध हैं। इस अवसर पर जी.सी. शर्मा, अरुण मित्तल, सुरेश शर्मा, रमेश यादव, संजय चौधरी, गौरव माहेश्वरी, जी.डी. गोयल, रविंद्र वशिष्ठ और निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.