सडक़ किनारे खड़े डंपर में पीछे से टकराई डिफेंडर कार, ड्राइवर की मौत

फरीदाबाद। फरीदाबाद में तेज रफ्तार एक डिफेंडर कार सडक़ किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की शादी पिछले साल ही हुई थी। जिस डिफेंडर कार में वह सवार था, उसे यह शादी में ही मिली थी। रविवार को वह अपनी पत्नी को मायके छोडक़र लौट रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव को बादशाह खान सिविल अस्पताल भिजवाया गया है।

घटना की सूचना युवक के परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान अनंगपुर गांव निवासी मयंक भड़ाना (24) के रूप में हुई है। उसके पिता सुरेंद्र भड़ाना प्रॉपर्टी डीलर हैं। एक साल पहले ही मयंक ने ग्रेजुएशन पूरी की थी। मयंक की शादी पिछले साल ओलावास गांव की एक युवती से हुई थी। रविवार को मयंक अपनी पत्नी को छोडऩे ओलावास गांव गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर 12 बजे सूरजकुंड रोड पर मयंक की कार सडक़ किनारे खड़े एक डंपर से टकरा गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मयंक को कार से बाहर निकाला। उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। लोहे के टुकड़े उसके चेहरे में धंस गए थे। एयरबैग खुलने के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी, क्योंकि कार का अगला हिस्सा डंपर में घुस गया था। सुरजकुंड थाना इंचार्ज प्रह्लाद सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सडक़ के किनारे डंपर खड़ा हुआ था, जिसमें पीछे से कार ने टक्कर मार दी। यह पता लगाया जा रहा है कि डंपर वहां क्यों खड़ा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.