स्ट्रीट वेंडर्स को नगर निगम की ड्रेस पहनकर करना होगा काम: गौरव चौहान

संयुक्त आयुक्त ने वेंडर्स को बांटी यूटिलिटी किट - अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष वाहन को दिखाई झंडी - वेंडर्स एवं नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी  -स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने का संदेश

पंचकूला । नगर निगम पंचकूला द्वारा शहर के स्ट्रीट वेंडर्स के लिए यूटिलिटी किट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त श्री गौरव चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जेपी इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर श्री जयप्रकाश ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयप्रकाश ने बताया कि शहर में कुल 8 वेंडिंग जोन बनाए गए हैं, जहां बैठने वाले वेंडर्स को यूटिलिटी किट वितरित की जा रही है। इस किट में वेंडर्स को जैकेट, टोपी, हेल्थ चेकअप कार्ड, पहचान पत्र, हेयर नेट सहित कई जरूरी सामान दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही वेंडर्स को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गलियों में घूमकर कार्य करने वाले मोबाइल वेंडर्स को मोबाइल रेहड़ी पहचान पट्टिका भी दी गई है, जिसे लगाकर चलना अनिवार्य होगा।

जयप्रकाश ने स्पष्ट किया कि केवल नगर निगम में पंजीकृत वेंडर्स को ही यह यूटिलिटी किट दी जाएगी और उन्हें नगर निगम द्वारा निर्धारित ड्रेस पहनकर ही कार्य करना होगा। यदि कोई वेंडर बिना रजिस्ट्रेशन या निर्धारित ड्रेस के काम करता पाया गया, तो नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त गौरव चौहान ने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने मोबाइल वेंडर्स को निर्देश दिए कि वे अपना पहचान पत्र और नगर निगम द्वारा दी गई ड्रेस पहनकर ही अपने निर्धारित क्षेत्र में कार्य करें।

उन्होंने शहर के निवासियों से भी अपील की कि वे बिना पहचान वाले वेंडर्स से सामान न खरीदें और केवल नगर निगम के अधिकृत वेंडर्स से ही खरीदारी करें, क्योंकि पंजीकृत वेंडर्स का पूरा रिकॉर्ड नगर निगम के पास उपलब्ध रहता है।

इस दौरान गौरव चौहान ने 9877488386 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया। उन्होंने बताया कि कोई भी वेंडर या नागरिक किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर इस नंबर पर संपर्क कर सकता है। आम नागरिक बिना पहचान पत्र या ड्रेस के घूमने वाले स्ट्रीट वेंडर्स की जानकारी और फोटो भी इस हेल्पलाइन नंबर पर भेज सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान गौरव चौहान ने जेपी इंटरप्राइजेज की नई इंफोर्समेंट गाड़ी का भी शुभारंभ किया, जो शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में सहयोग करेगी।

इस अवसर पर वेंडर्स के उत्थान में विशेष योगदान देने वाले जयवीर, मानवेंद्र, संजय कुमार, सेक्टर-4 वेंडिंग जोन के प्रधान गगन शर्मा, सेक्टर-15 के प्रधान अरविंद मेहतो, रिपू धवन, सेक्टर-8 के प्रधान राजेश गुप्ता, सुमित कुमार और सेक्टर-19 के प्रधान स्वर्ण सिंह को सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि गौरव चौहान को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में जयप्रकाश ने सभी अतिथियों और उपस्थित वेंडर्स का आभार व्यक्त किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.