विष्णु कॉलोनी में तेज रफ्तार कार का कहर, महिला और व्यक्ति को पीछे से मारी जोरदार टक्कर

बल्लभगढ़। विष्णु कॉलोनी में शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार कार ने जमकर उत्पात मचाया। गली में टहल रही एक महिला और एक व्यक्ति को पीछे से आई अनियंत्रित कार ने ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। यह पूरी खौफनाक वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

वायरल सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि रात करीब साढ़े आठ बजे गली में सामान्य चहल-पहल थी। एक महिला अपनी छोटी बच्ची का हाथ पकड़कर पैदल चल रही थी, तभी पीछे से एक सफेद रंग की कार अत्यंत तेज रफ्तार में आई। कार ने महिला और उसके पीछे चल रहे व्यक्ति को पीछे से सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पीड़ित उछलकर सड़क पर गिरे, जबकि पास चल रही बच्ची और अन्य लोग बाल-बाल बच गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर मारने के बाद चालक ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि गली में आगे रास्ता बंद होने के कारण आरोपी चालक कार को तेजी से बैक (पीछे) करते हुए ले गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों गंभीर रूप से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस मामले में आदर्श नगर थाना इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस को इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है और न ही किसी अस्पताल से सूचना आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही शिकायत मिलेगी, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की पहचान कर आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.