बल्लभगढ़ प्रेस क्लब ने फूलों की होली के साथ मनाया होली मिलन समारोह

बल्लभगढ़ । बल्लभगढ़ प्रेस क्लब द्वारा होली मिलन समारोह सादगी, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर रंगों की होली नहीं, बल्कि केवल फूलों की होली खेली गई। कार्यक्रम में सभी सदस्यों और अतिथियों ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द, भाईचारे व एकता का संदेश दिया। आयोजन तिगांव रोड स्थित नंद उत्सव वैक्वटहॉल में किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि विधायक मूलचंद शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में एसीपी तिगांव अशोक कुमार, सीएम विंडो अध्यक्ष राहुल गोयल तथा लोक संपर्क विभाग के जिला जनसंपर्क एवं सूचना अधिकारी मूर्ति दलाल मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत चंदन के तिलक, पटका व फूलों से किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब के प्रधान अशोक कुमार जैन ने की। प्रधान के साथ महासचिव डॉ. संदीप पाराशर एवं कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर मित्तल ने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि फूलों की होली आपसी प्रेम और सकारात्मकता का प्रतीक है।

मुख्य अतिथि विधायक मूलचंद शर्मा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2027 तक बल्लभगढ़ का पूरी तरह कायाकल्प कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चाहे फोर लेन सड़कों का निर्माण हो, अंडरपास की सुविधा हो या फिर शहर में आधारभूत ढांचे का विस्तार—सभी योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में भी नए संस्थान, बेहतर सुविधाएं और विकास कार्य प्राथमिकता पर हैं। उन्होंने कहा कि 2027 के बाद विकास के क्षेत्र में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहेगी और बल्लभगढ़ को एक आधुनिक एवं सुविधासंपन्न शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।

एसीपी अशोक कुमार ने कहा कि समाज में सौहार्द बनाए रखने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। सीएम विंडो अध्यक्ष राहुल गोयल ने भी प्रेस क्लब के प्रयासों की सराहना की। जिला जनसंपर्क एवं सूचना अधिकारी मूर्ति दलाल ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए ऐसे आयोजनों को आपसी समन्वय का माध्यम बताया।इस दौरान मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों ने पत्रकारों को कल्ब के द्वारा दिए गए उपहार व मिठाई देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर क्लब के उपप्रधान सुभाष शर्मा, महेंद्र शर्मा, दीपक मुखी, गोपाल अरोड़ा, ओम देव शर्मा, संजय शर्मा सहित जोगेंद्र रावत,पूजा भारद्वाज सहित पत्रकार दयाराम वशिष्ठ, रणबीर, अर्जुन, बलदेव, एवं हेमलता रावत सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। फूलों की खुशबू और आत्मीय वातावरण में आयोजित यह कार्यक्रम सौहार्द और एकता का संदेश देकर सम्पन्न हुआ।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.