मुजेसर अग्निकांड पीड़ितों के मुआवजे की मांग को लेकर ‘सीटू’ ने उप श्रम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

फरीदाबाद। सेक्टर-24 स्थित कालका स्टील कंपनी में हुए भीषण अग्निकांड के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए ‘सीटू’ का एक शिष्टमंडल गुरुवार को उप श्रम आयुक्त से मिला। शिष्टमंडल ने ज्ञापन सौंपकर मृतकों के परिजनों को एक  करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
उप श्रम आयुक्त ने बताया कि हादसे में कुल 35 लोग झुलसे थे, जिनमें से अब तक फैक्ट्री मालिक के बेटे, एक पुलिसकर्मी और एक दमकलकर्मी सहित 6 लोगों की मौत हो चुकी है। विभाग 16 पीड़ित श्रमिकों को मुआवजा देने की कार्रवाई कर रहा है।

हादसे के वक्त मानवता दिखाते हुए रावत क्रेन, लूप सेल, सिविक, न्यू टेक और गीता स्टील के श्रमिक भी आग बुझाने पहुंचे थे, जो केमिकल ड्रम फटने से झुलस गए। सीटू के जिला प्रधान निरंतर पराशर, सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल और जॉइंट सेक्रेटरी केपी सिंह ने मांग की कि मृतकों को शहीद का दर्जा दिया जाए और घायलों को 10-10 लाख रुपये की सहायता मिले। साथ ही पीड़ित परिवारों को पेंशन की सुविधा भी प्रदान की जाए। इससे पहले 24 फरवरी को सीटू और सर्व कर्मचारी संघ ने इस मुद्दे पर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन भी किया था।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.