फरीदाबाद महानगर में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन  

हिन्दू एकता, सामाजिक समरसता व सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर मंथन

फरीदाबाद। एडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल 33 फीट रोड डबुआ कालोनी में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में क्षेत्र के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध जन व समस्त हिन्दू परिवारों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य हिन्दू एकता, सामाजिक समरसता व सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम को दीप प्रज्वलित करके शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का सन्देश गया। तत्पश्चात कार्यक्रम में अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश (भईया जी जोशी) ने संबोधित करते हुए सनातन संस्कृति व सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

उनके द्वारा पर्यावरण व कुटुम्ब प्रबोधन पर दिए गए वक्तव्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के समापन पर महानगर संघ चालक संजय अरोड़ा ने अपने उद्बोधन में नागरिक कर्तव्य एवं पर्यावरण के बारे में अवगत कराया। उन्होंने इन सभी विषयों से संबंधित संकल्पों को अपने मन मस्तिष्क में धारण करने की अपील की। इस कार्यक्रम में अनेक सामाजिक, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित काफी संख्या में गणमान्य प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। फरीदाबाद विभाग के अंतर्गत पन्हैड़ा खुर्द में भी सर्व समाज द्वारा हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में विभाग सह सेवा प्रमुख गौरीदत्त ने ‘संघ की सौ वर्षों की यात्रा’ पर प्रकाश डाला और ग्रामीणों को संगठन की सेवा भावना से परिचित कराया।

द्वितीय वक्ता जिला प्रचार प्रमुख लक्ष्मण ने अपने उद्बोधन में ‘पर्यावरण’ जैसे गंभीर विषय पर अपनी बात रखी और प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। शिव मंदिर पन्हेड़ा कलां के महंत अत्री महाराज ने ‘कुटुम्ब प्रबोधन’ विषय पर बोलते हुए पारिवारिक मूल्यों और समाज में परिवार की भूमिका को रेखांकित किया। उसके उपरांत एसडीएम स्कूल मोहना संस्थापक टेकपाल ने ‘स्व का बोध’ विषय पर अपना संबोधन दिया, जिसमें उन्होंने उपस्थित जनों को आत्म-ज्ञान और अपनी क्षमताओं को पहचानने के लिए प्रेरित किया। सामाजिक कार्यकर्ता नानक चन्द ने ‘सामाजिक समरसता’ पर जोर देते हुए समाज में एकता और समानता का संदेश दिया। पूर्व सैनिक व संयोजक हुकमचन्द ने ‘नागरिक कर्तव्य’ विषय पर विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का बोध कराया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.