कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सेक्टर- 2 में एक्सिस बैंक की नई शाखा का किया उद्घाटन

फरीदाबाद। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने आज सेक्टर-2 में एक्सिस बैंक की नई शाखा का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और भारी संख्या में स्थानीय निवासियों ने हिस्सा लिया।

उद्घाटन के बाद जनसमूह को संबोधित करते हुए विपुल गोयल ने कहा कि बैंकिंग प्रणाली अब केवल लेन-देन का माध्यम नहीं, बल्कि आम जन के दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बन चुकी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अपने ही क्षेत्र में नई शाखाओं के खुलने से लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं प्राप्त होती हैं, जिससे न केवल समय की बचत होती है बल्कि जटिल वित्तीय कार्य भी सरल हो जाते हैं।

मंत्री गोयल ने कहा कि बचत खाते, सुलभ ऋण सुविधा और डिजिटल भुगतान जैसी सेवाएं नागरिकों के जीवन को सुगम बनाती हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस शाखा के खुलने से क्षेत्रीय किसानों, व्यापारियों, छोटे उद्यमियों और युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। बैंकिंग ढांचे की मजबूती स्थानीय व्यापार और आर्थिक विकास के लिए रीढ़ की हड्डी साबित होती है।

वित्तीय समावेशन के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि एक्सिस बैंक की यह शाखा पूरी पारदर्शिता और सेवा भाव के साथ कार्य करेगी। उन्होंने बैंक कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनके सेवा की गुणवत्ता और व्यवहार ही बैंक की असली पहचान बनेंगे। अंत में, कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय नागरिकों से मिले स्नेह के लिए उनका आभार व्यक्त किया और शाखा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.