रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत फरीदाबाद प्रशासन ने गांव बहादरपुर में किया ग्रामीणों से संवाद

डीसी विक्रम सिंह एवं पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन फरीदाबाद ने बुधवार की सायं जिला के गांव बहादरपुर में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया। डीसी विक्रम सिंह व पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी सार्वजनिक व व्यक्तिगत समस्याएं सुनी और उनका मौके पर समाधान किया। इस दौरान गांव के  सरपंच भी मौजूद रहे।

डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार आमजन से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रात्रि प्रवास कार्यक्रम के तहत आज पूरा प्रशासन स्वयं आपके द्वार आपकी समस्याएं सुनकर उनका निपटान करने के लिए यहाँ मौजूद है। उन्होंने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित जनसंवाद बैठक में भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि सरकार की यह पहल आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।

आप सभी का यहाँ उपस्थित होना यह प्रमाणित करता है कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम से आमजन को वास्तविक लाभ मिल रहा है। यह प्रदेश सरकार का एक सार्थक और जनकल्याणकारी प्रयास है, जिससे प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। सर्वप्रथम डीसी विक्रम सिंह ने गांव वासियों को बधाई देते हुए बताया गया कि आगामी 15 अगस्त को उनके गांव को स्वच्छता एवं समग्र रखरखाव में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे गांव के सामूहिक प्रयास और जागरूकता का परिणाम है, जो अन्य ग्रामों के लिए भी प्रेरणा का कार्य करेगा।

डीसी ने ग्रामीणों द्वारा प्रशासन के समक्ष रखी गयी मांगो को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे गांव के विकास में अपना योगदान दें। गांव के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका होनी चाहिए। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने नशा मुक्त फरीदाबाद बनाने पर जोर देते हुए अभिभावकों से कहा कि वह भी स्वयं अपने बच्चों की निगरानी जरूर रखें, बच्चों को समझाएं कि नशा न केवल शरीर का नाश करता है बल्कि जीवन को तबाह कर देता है। नशा समाज और देश के लिए घातक है।

उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल की गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित करें। उन्होंने गांव में भाईचारा बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में एक दूसरे की सुरक्षा को बनाये रखने व आपराधिक गतिविधियों को रोकने में आगे आने की शपथ भी दिलाई गई। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं गाँव की सरदारी की ओर से सभी का फूल माला पहनाकर और पगड़ी बांधकर अधिकारियों का स्वागत किया गया।

महिला एवं बाल विकास परियोजना (ग्रामीण) बल्लभगढ़ द्वारा कार्यक्रम के दौरान ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को जनमानस से जोडऩे के उद्देश्य से गांव की ही 8 माह की बालिका का जन्मदिन केक काटकर उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस भावनात्मक पहल ने कार्यक्रम में एक नया आयाम जोड़ा और यह संदेश दिया कि बेटियां समाज की सामूहिक जिम्मेदारी हैं तथा उन्हें समान स्नेह और सम्मान मिलना चाहिए। इस अवसर पर कार्यक्रम में सीईओ जिला परिषद शिखा, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, डीडीपीओ प्रदीप कुमार, डीआरओ विकास सहित समस्त ग्रामवासी और सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.