जिंदा बाप का श्राद्ध करने वाले बेटे का गांव ने बंद किया हुक्का पानी

फैसले के विरोध में बेटे ने 17 अगस्त को बुलाई पंचायत

फरीदाबाद। गांव पन्हेड़ा कला में जिंदा बाप का श्राद्ध करने पर गांव ने पंचायत कर बेटे का हुक्का पानी बंद कर दिया। इसके विरोध में बेटे ने अब 17 अगस्त को पंचायत बुलाई है। ये पंचायत गांव मोहना की अनाज मंडी में होगी। पूरे क्षेत्र के लोगों की नजर इस पर टिकी है। इस पंचायत में आस-पास के गांवों को भी बुलाया गया है। राजेन्द्र देव का कहना है कि ये -बाप और बेटे के बीच का लड़ाई है। इसमें गांव की पंचायत कैसे फैसला सुना सकती है। मोहना मंडी में आयोजित होने वाली इस पंचायत में वो पंचों से न्याय मांगेगे। अगर उनको यहां भी न्याय नही मिला तो वह कोर्ट का सहारा लेंगे।

गौरतलब है कि गांव पन्हेड़ा कलां में तीन अगस्त को स्वामी राजेंद्र देव महाराज नाम के व्यक्ति ने अपने 79 साल के जिंदा पिता लालचंद उर्फ लूला की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया था, इसको लेकर गांव में 50 बड़े-बड़े पोस्टर भी लगाए गए, जिसमें श्रद्धांजलि सभा का दिन, समय और स्थान लिखा गया था। गांव के मंदिरों में रोटियां बांटी गईं। ढोल-बाजे के साथ यात्रा निकाली। 21 किलो आटे का दिया जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही थी।

इस बीच सरपंच धर्मवीर ने गांव के कुछ लोगों को साथ लेकर मंदिर पर जाकर श्रद्धांजलि सभा रुकवाई, और लालचंद की ओर से जिंदा होने की जानकारी देने वाला वीडियो सभी को दिखाया। सरपंच ने कहा कि लालचंद अभी जिंदा है, तो उसकी श्रद्धांजलि यात्रा कैसे निकल सकती है। इसको लेकर राजेंद्र देव के पिता लालचंद ने गांव के शिव मन्दिर पर एक गांव के लोगों की पंचायत बुलाई। जिसमें राजेन्द्र देव व उसके परिवार का गांव से बहिष्कार और हुक्का -पानी बंद करने का आदेश सुना दिया। जिसके बाद से ही लालचंद गांव में दूसरों के घर पर रह रहा है। लालचंद का कहना है कि खुद के घर जाने पर उसका बेटा उसको मार देगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.