टेलिग्राम टास्क और निवेश के बहाने लाखों की साइबर ठगी करने वाले सात आरोपी पहुंचे जेल

फरीदाबाद। टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए टेक्नोलॉजी का गलत इस्तेमाल करते हुए साइबर ठग लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे हैं। फरीदाबाद पुलिस ने ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया है। इन मामलों में वर्क फ्रॉम होम, टास्क और स्टॉक मार्केट निवेश के नाम पर पीड़ितों को फंसाया गया। पुलिस लगातार ऐसे अपराधों को रोकने और साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने में लगी हुई है।

2.85 लाख रुपये की ठगी के तीन आरोपी गिरफ्तार
साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने टेलिग्राम पर टास्क के नाम पर 2.85 लाख ठगने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने शिकायत दी थी कि उसे व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला था जिसमें रेस्टोरेंट प्रमोट करने के लिए कमेंट और रेटिंग देने पर पैसे कमाने का झांसा दिया गया था। इसके बाद उसे टेलिग्राम ग्रुप में जोड़ा गया और कई टास्क के बहाने 2.85 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने मनीष (21), अनिमेष भाम्भू (21) और प्रवीण (24) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि मनीष ठगों को खाते उपलब्ध कराता था, जबकि अनिमेष और प्रवीण खाते में आए पैसों को डिजिटल मुद्रा यूएसडीटी में बदलते थे। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

1.10 लाख रुपये की ठगी का आरोपी खाताधारक गिरफ्तार
साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी हर्षित (25) को गिरफ्तार किया है। पीड़ित ने बताया कि मई महीने में उसे व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर टेलिग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। वहां टास्क के नाम पर कुल एक लाख 10 हजार 600 रुपये ठग लिए गए, जिन्हें वापस नहीं किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी हर्षित खाताधारक है, जिसने अपना खाता ठगों को दिया था। खाते में कुल 76 हजार रुपये की ठगी हुई। आरोपी फिलहाल पेट्रोल पंप पर काम करता है। उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड ली गई है।

3.5 लाख की धोखाधड़ी करने वाले तीन गिरफ्तार
साइबर थाना बल्लभगढ़ ने टेलिग्राम पर स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर तीन लाख 50 हजार 632 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित ने बताया कि कॉइनडीसीएक्स कंपनी के नाम पर ट्रेंडिंग कराने का झांसा देकर पैसे लिए गए, लेकिन जब निकासी की कोशिश की तो पैसा वापस नहीं मिला। पुलिस ने संजय (24), वीरेन्द्र (28) और अरुण (29) को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि संजय खाते का मालिक है, जबकि विरेन्द्र और अरुण खाते का इस्तेमाल कर ठगी करते थे। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, वहीं संजय को जेल भेजा गया है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.