बल्लभगढ़ की राजीव कालोनी में पुलिस ने चलाया बड़ा सर्च ऑपरेशन

डॉग स्क्वायड और ब्लैक कमांडो की संयुक्त कार्रवाई; संदिग्ध लोगों से पूछताछ

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में बुधवार सुबह पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह-सवेरे शुरू हुए इस अभियान में क्राइम ब्रांच, स्थानीय थाना पुलिस, ब्लैक कमांडो, डॉग स्क्वायड और महिला पुलिसकर्मियों सहित भारी पुलिस बल ने हिस्सा लिया। पुलिस ने कॉलोनी की घेराबंदी कर संदिग्ध घरों और व्यक्तियों की गहन जांच की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजीव कॉलोनी से पिछले कुछ स। मय से नशा बेचने और तस्करी से जुड़ी लगातार शिकायतें मिल रही थी। स्थानीय लोगों ने भी इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दी थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर विशेष रणनीति बनाकर यह कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कॉलोनी के विभिन्न हिस्सों में जाकर तलाशी अभियान चलाया। उन घरों की विशेष रूप से जांच की गई, जिनके बारे में पुलिस को नशे के कारोबार में संलिप्त होने का संदेह था। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से भी पूछताछ की।  पुलिस ने डॉग स्क्वायड की सहायता से गलियों, खाली प्लॉटों और अन्य संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की। हालांकि अभियान के दौरान कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ, लेकिन पुलिस ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

सीआईए बदरपुर बॉर्डर प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि कुछ लोग युवाओं को नशे की ओर धकेलने का काम कर रहे हैं, जिसके चलते यह संयुक्त कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा बेचते हुए पकड़े जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर संबंधित संपत्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और डिमोलिशन की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.