महापौर प्रवीण बत्रा की नई पहल: घर बैठे मिलेंगी प्रॉपर्टी टैक्स से लेकर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र तक की सेवाएं
- महापौर ने किया नगर निगम की नई वेबसाइट का शुभारंभ
फरीदाबाद। नगर निगम की सेवाओं को डिजिटल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने नई पहल की है। उन्होंने सोमवार को नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। नई वेबसाइट के माध्यम से शहरवासियों को प्रॉपर्टी टैक्स, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, नागरिक शिकायतों, विकास कार्यों और टेंडर से जुड़ी जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी। इससे नागरिकों को निगम की सेवाओं और सूचनाओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। इस अवसर पर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह और आईटी एक्सईएन संजीव उपस्थित रहे।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि नई वेबसाइट का उद्देश्य नगर निगम की सेवाओं और जानकारियों को आम नागरिकों तक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से पहुंचाना है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे निगम की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे नागरिकों का समय बचेगा और निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी।
महापौर ने कहा कि डिजिटल सुविधाओं का विस्तार सुशासन, पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। तकनीक के इस प्रभावी उपयोग से जनता के समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वेबसाइट पर सभी विभागीय जानकारियां तुरंत अपडेट की जाए ताकि आम जनमानस को हर समय सटीक और ताजा जानकारी मिलती रहे।
इस अवसर पर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारियों को नियमित रूप से अपडेट रखा जाए। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन सेवाओं को लगातार बेहतर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि नई वेबसाइट शहरवासियों के लिए उपयोगी साबित होगी और नगर निगम की सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान बनाएगी।
