जेसी. बोस विश्वविद्यालय में वृक्षारोपण अभियान-2025 “हरियाली पर्व 4.0” का शुभारंभ

फरीदाबाद। जे.सी. बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में गुरुवार आज हरियाली पर्व 4.0 के तहत वार्षिक वृक्षारोपण अभियान 2025 का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने और सतत विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर ने किया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में प्रो. उपासना शर्मा (पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला), प्रो. प्रीति वंती श्रीवास्तव (दिल्ली विश्वविद्यालय) और प्रो. अमर नाथ गिल (पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़) उपस्थित रहे। यह अभियान विश्वविद्यालय के वसुंधरा इको क्लब और पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय के सहयोग से आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार की एक पेड़ माँ के नाम पहल के अनुरूप है, जो लोगों को अपनी माँ के सम्मान में वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करती है।

उद्घाटन समारोह में बेल और जामुन के पौधों का प्रतीकात्मक रोपण किया गया। कुलपति प्रो. तोमर ने कहा कि जलवायु परिवर्तन को कम करने का सबसे प्रभावी और सरल उपाय वृक्षारोपण है। उन्होंने पौधों की देखभाल के महत्व पर भी बल दिया और सभी को इस अभियान से जुड़ने और वृक्षों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। पर्यावरण विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. रेणुका गुप्ता ने कहा कि हरियाली पर्व जैसे आयोजन छात्रों को प्रकृति से जोड़ने और पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना जागृत करने का अवसर देते हैं।

इस अवसर पर प्रो. प्रदीप डिमरी (डीन स्टूडेंट वेलफेयर), प्रो. अनुराधा शर्मा (डीन, विज्ञान संकाय), डॉ. अनीता गिरधर, डॉ. साक्षी, डॉ. शैलजा, डॉ. सुषमा, डॉ. निमिषा और आयोजन समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.