अवैध खनन पर शिकंजा कसने को सघन जांच अभियान जारी

गत दिवस बडख़ल क्रेशर जोन रोड पर सक्रीय रही जांच टीम

फरीदाबाद। खनन विभाग के महानिदेशक के.एम. पांडुरंग और फरीदाबाद के उपायुक्त विक्रम सिंह के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप, जिला में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में गत दिवस जिला खनन अधिकारी कमलेश बिधलान के नेतृत्व में खनन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने बडख़ल क्रेशर जोन रोड से सटे क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

इस दौरान टीम ने सक्रियता दिखाते हुए कई संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की और खनन गतिविधियों से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के तहत, खनन विभाग के महानिदेशक के.एम. पांडुरंग स्वयं विभागीय गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर रहे हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य खनन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और अवैध खनन को समाप्त करना है। महानिदेशक के आदेशों के अनुसार, विभागीय टीम पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर रही है और सभी आवश्यक पहलुओं पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

जिला खनन अधिकारी कमलेश बिधलान ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी वाहनों के पास वैध ई-रवाना बिल पाए गए। उन्होंने यह भी बताया कि चेकिंग के दौरान किसी भी स्थान पर अवैध खनन की गतिविधि नहीं पाई गई है, और यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन होता है, तो वे तुरंत आवश्यक कार्रवाई करेंगी। खनन विभाग की टीम राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख रास्तों पर लगातार सक्रिय रूप से तैनात है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिले में उन स्थानों पर जहां अवैध खनन की संभावना अधिक है, वहां पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अंतर्गत जिले के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं। हरियाणा सरकार का स्पष्ट और मजबूत निर्णय है कि राज्य में अवैध खनन किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं होगा और इसमें संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.