वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों की अनुपालना में तीन औद्योगिक इकाइयां की गयी सील, बिजली कनेक्शन काटा गया
- एनसीआर में प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों पर सख्ती, उत्सर्जन नियंत्रण मानकों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई
फरीदाबाद। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना में जिला में प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाली तीन औद्योगिक इकाइयों को सील किया गया तथा बिजली कनेक्शन काटे गए।
आयुष सिन्हा ने बताया कि ये औद्योगिक इकाइयां संशोधित CAQM उत्सर्जन मानकों के तहत पार्टिकुलेट मैटर (PM) उत्सर्जन को नियंत्रित करने के लिए वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरण (APCD) की स्थापना अथवा मौजूदा उपकरणों की रेट्रोफिटिंग करवाने संबंधी संतोषजनक वर्क ऑर्डर प्रस्तुत करने में विफल रही थीं। इसके अतिरिक्त, संबंधित इकाइयां निर्धारित मानकों के अनुरूप वैध छूट प्रमाणपत्र अथवा पर्याप्तता प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत नहीं कर सकीं।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि एनसीआर में वायु गुणवत्ता सुधारने और प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने के लिए सभी औद्योगिक इकाइयों को निर्धारित पर्यावरणीय मानकों एवं प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य है। नियमों की अवहेलना करने वाली इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सभी विभागों द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है।
