कांग्रेस को ठगी की लत लगी, उसके राज में दलाल और दामाद मालामाल हुए: pm modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस को ठगी की लत लग गई है। उसके राज में दलाल और दामाद मालामाल हुए। कांग्रेस ने हिमाचल में झूठ बोला, अब हरियाणा में झूठे वादे बेच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ये पार्टी दलित विरोधी है। कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर को चुनाव में दो-दो बार हरवाया। इन्होंने संसद के सेंट्रल हॉल में उनकी तस्वीर तक नहीं लगने दी।

पीएम मोदी ने यह बातें हरियाणा में कहीं। उन्होंने पलवल में नेशनल हाईवे-19 पर गदपुरी टोल प्लाजा के पास मंगलवार (1 अक्टूबर) को इस चुनाव की अपनी आखिरी रैली को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि जब हरियाणा में हुड्‌डा की सरकार थी तब किसानों के घर में दो रुपए मुआवजा का चेक पहुंचा था। जबकि भाजपा सरकार हजारों रुपए की सम्मान निधि उनके बैंक खातों में पहुंचाती है।

पीएम ने कहा कि कांग्रेस हमारी सेना पर भी हमला करती है। हमारी सेना ने दुश्मनों को बार बार पीटा, लेकिन कांग्रेस का शाही परिवार दुश्मनों की तारीफ करता है। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि 370 वापस लाएंगे, लेकिन ये नहीं कहा कि PoK वापस लाएंगे। कांग्रेस ने देश का मुकुट तोड़ दिया। कश्मीर काे भी तोड़ दिया। इतना बड़ा हिस्सा गंवा दिया।

हरियाणा के तेज विकास की गारंटी, ये मोदी की गारंटी है
पीएम ने कहा कि ये चुनाव नया इतिहास बनाने का है। ये चुनाव हरियाणा को विकास को नई बुलंदी देने का है। दिल्ली में आपका ये बेटा बैठा है। आप यहां तीसरी बार भाजपा सरकार बनाइए, मैं आज पलवल की धरती पूरे हरियाणा के जागरूक मतदाताओं को आग्रह करता हूं कि आप रिकॉर्ड वोटों से फिर एक बार भाजपा की सरकार बनाइए। हरियाणा के तेज विकास की गारंटी, ये मोदी की गारंटी है। फरीदाबाद हो, पलवल हो, मेवात हो, गुरुग्राम हो, भाजपा के हर उम्मीदवार को आपको भारी बहुमत से विजयी बनाना है।

पलवल देश का हाईवे हब बन रहा: मोदी
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में लखपति दीदियां परिवार का सहारा बन रही हैं। बीजेपी हरियाणा के विकास को नई गति दे रही है। बल्लभगढ़ तक मेट्रो पहुंच चुकी है। अब पलवल भी मेट्रो से कनेक्ट होने वाला है। पलवल देश का हाईवे हब भी बन रहा है। भाजपा सरकार पूरे ब्रज क्षेत्र के विकास पर फोकस कर रही है।

बीजेपी सरकार 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर कर रही
पीएम ने कहा कि कांग्रेस यहां एमएसपी को लेकर बड़ी बातें कर रही है, लेकिन कांग्रेस यहां सिर्फ तीन चार फसलों पर एमएसपी देती थी। जबकि बीजेपी की सरकार 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर कर रही है। 1 लाख करोड़ से अधिक रुपए किसानों के खातों में पहुंचे हैं।

आज मैं हरियाणा की माताओं, बहनों, बेटियों में भाजपा के प्रति सबसे अधिक उत्साह देख रहा हूं। हरियाणा की बेटियां आज चारों तरफ झंडे गाड़ रही हैं। भाजपा सरकार की हर योजना माताओं, बहनों में नया आत्मविश्वास पैदा कर रही है।

कांग्रेस हरियाणा के नौजवानों के हितों के खिलाफ
आप याद रखिए, वहां इनमें से एक भी वादा लागू नहीं किया। यानी कांग्रेस की नीयत में ही खोट है। कांग्रेस हरियाणा के नौजवानों के हितों के खिलाफ है। यहां बीजेपी ने करीब डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां दी और वह भी बिना पर्ची और खर्ची के दी हैं। हजारों कर्मचारियों को पक्का किया है। कांग्रेस वाले फिर वही पर्ची खर्ची सिस्टम हरियाणा में वापस लाना चाहती है। आप पर थोपना चाहते हैं।

लूट खसूट का बंटवारा अभी से ही शुरू हो गया है। इनकी नस नस में भ्रष्टाचार भरा हुआ है। ये दलालों और दामादों की पार्टी बन चुकी है। कांग्रेस के समय में या तो दामाद मालामाल हुआ या तो दलाल मालामाल हुए हैं। किसान को यहां दो रुपए का मुआवजा मिला है। जब हुड्‌डा की सरकार थी तब किसानों के घर में दो रुपए मुआवजा का चेक पहुंचा था। जबकि भाजपा सरकार हजारों रुपए की सम्मान निधि उनके बैंक खातों में पहुंचाती है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.