यातायात पुलिस द्वारा अगले सप्ताह चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

यातायात पुलिस के साथ सामाजिक संस्थाएं, एनजीओ, रोड सेफ्टी ऑफिसर व अन्य विभाग के अधिकारी भी रहेंगे मौजूद।

फरीदाबाद- पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य के निर्देश व डीसीपी ट्रैफिक उषा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा अगले सप्ताह आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अन्य विभागों के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पुलिस प्रवक्ता ने इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि सड़क पर सुरक्षित यात्रा के लिए सरकार द्वारा बनाए गए यातायात नियमों के बारे में लोगों को जानकारी प्रदान करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा अगले सप्ताह विभिन्न जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे जिसमें स्कूल, कॉलेज, धर्मशाला, शिक्षण संस्थान, कंपनी व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। यातायात पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक यात्री अपने गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचे जिसके लिए उसका यातायात नियमों का पालन करना अति आवश्यक है।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक सड़क दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं जिसमें उन्हें जानी व माली नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए यात्रियों को सड़क सुरक्षा उपकरण पहनने, अंडर एज ड्राइविंग न करने, तेज गति में गाड़ी न चलाने व अन्य यातायात नियमों के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी। इन जागरूकता अभियान में पुलिस के साथ-साथ सामाजिक संस्थाएं, एनजीओ व अन्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहेंगे। यात्रियों की सुरक्षा के लिए यातायात पुलिस दिन-रात कार्य कर रही है और वह आगे भी इसी तरह प्रयासरत रहेगी।

यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है जिसमें ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की सूचना फरीदाबाद पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल, ट्विटर, फेसबुक पर भी उपलब्ध है। यातायात पुलिस का नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान इसी प्रकार जारी रहेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.