युवाओं को देश की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए कार्य करना चाहिए : कृष्णपाल गुर्जर
पीटी. एल. आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान गौरव दिवस समारोह
फरीदाबाद। पीटी. एल. आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रांगण में आज संविधान गौरव दिवस समारोह-2026 बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों तथा राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने शिरकत की। उनके आगमन पर संस्थान के पदाधिकारियों एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा सभी अतिथियों का परिचय कराया गया। इस अवसर पर सोहन पाल छोकर जिला अध्यक्ष, महानगर; कमल यादव जिला प्रभारी, फरीदाबाद महानगर,बिधायक सतीश फागना फरीदाबाद,तथा मूलचंद शर्मा विधायक ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है।
यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि कृष्ण पाल गुर्जर ने अपने संबोधन में संविधान के महत्व, भारतीय लोकतंत्र की मजबूती तथा देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। युवाओं को संविधान का सम्मान करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में संस्थान के अध्यक्ष एवं ट्रस्टी श्री लखमी चंद भारद्वाज जी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय भावना, संवैधानिक जागरूकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं संविधान के प्रति सम्मान और समर्पण के संदेश के साथ हुआ।
