ड्रोन उद्यमी योजना से अनुसूचित जाति के युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर
- हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा पात्र युवाओं के लिए शुरू की गई योजना, ड्रोन तकनीक के माध्यम से रोजगार के नए अवसर होंगे सृजित
फरीदाबाद। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (HSFDC) द्वारा पात्र अनुसूचित जाति के युवाओं के लिए ड्रोन उद्यमी योजना शुरू की गई है।
आयुष सिन्हा ने बताया कि ड्रोन उद्यमी योजना का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक ड्रोन तकनीक से जोड़कर उन्हें अपना व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की आत्मनिर्भर हरियाणा की संकल्पना को आगे बढ़ाने वाली यह योजना युवाओं के लिए स्वरोजगार का एक नया माध्यम बनेगी।
पात्र लाभार्थी ड्रोन तकनीक प्रशिक्षण लेकर स्थापित कर सकते है ड्रोन आधारित उद्यम
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थी ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण एवं आवश्यक वित्तीय सहायता प्राप्त कर अपना ड्रोन आधारित उद्यम स्थापित कर सकेंगे। योजना के अंतर्गत कई प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियों को अनुमोदित किया गया है। इनमें कृषि कार्यों में ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक एवं उर्वरक का छिड़काव, कृषि भूमि का सर्वेक्षण एवं डिजिटल मैपिंग, भूमि एवं संपत्ति सर्वेक्षण, निर्माण एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं में ड्रोन सेवाएं तथा अन्य अनुमोदित ड्रोन आधारित व्यावसायिक गतिविधियां शामिल हैं।
आयुष सिन्हा ने बताया कि योजना की प्रमुख विशेषताओं में ड्रोन तकनीक के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना, पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार ऋण एवं वित्तीय सहायता प्रदान करना, ड्रोन संचालन एवं तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध करवाना तथा युवाओं को अपना ड्रोन सर्विस उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना शामिल है। हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का यह प्रयास युवाओं को कौशल, तकनीकी प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने तथा प्रदेश में स्वरोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अनुसूचित जाति के पात्र युवा योजना के तहत कर सकते है आवेदन
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि ड्रोन उद्यमी योजना के माध्यम से कृषि, भूमि एवं सर्वेक्षण, निर्माण एवं आधारभूत संरचना, ऊर्जा एवं बिजली लाइनों के निरीक्षण सहित अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में ड्रोन सेवाओं का विस्तार किया जा सकेगा। इससे युवाओं को आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अपनी आजीविका स्थापित करने का अवसर मिलेगा। इस योजना के लिए हरियाणा के पात्र अनुसूचित जाति के युवा आवेदन कर सकते हैं, जो निर्धारित पात्रता एवं शर्तों को पूरा करते हों।
आयुष सिन्हा ने बताया कि योजना के तहत ऋण, अनुदान, प्रशिक्षण एवं अन्य वित्तीय लाभ निर्धारित योजना दिशा-निर्देशों और पात्रता के अनुसार प्रदान किए जाएंगे। योजना से संबंधित आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक युवा हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://hscfdc.org.in/ पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अधिक जानकारी के लिए अपने जिले के HSFDC कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।
