चाय वाले से जबरन वसुली व मारपीट करने के मामले में 2 आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद। डबुआ सब्जी मंडी में चाय की दुकान लगाने को लेकर हुए विवाद और रंगदारी न देने पर मारपीट के मामले में थाना डबुआ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान डबुआ कॉलोनी निवासी मन्नु और शुभम के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरदीन के दोस्त नसीम ने शिकायत में बताया कि फरदीन ने सात-आठ दिन पहले मंडी में चाय की दुकान शुरू की थी। उनके अनुसार, छठ से एक दिन पहले तीन युवक दुकान पर आए और रंगदारी मांगी। आरोप है कि इसी रंजिश में 16-17 नवंबर की दरम्यानी रात फरदीन पर हमला किया गया।

16 नवंबर रात करीब 11:30 बजे फरदीन ने फोन कर बताया कि बौंचा और उसके छह-सात साथियों ने उसे लाठी-डंडों से पीटा है और वह मंडी में पड़ा है। नसीम मौके पर पहुंचे और घायल फरदीन को बीके अस्पताल ले गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 17 नवंबर को अस्पताल में फरदीन के बयान दर्ज किए गए। मेडिकल जांच में उसके बाएं हाथ पर चोट और दाहिने पैर के अंगूठे में सूजन मिली। शिकायत पर थाना डबुआ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, मन्नु और शुभम अपने साथी बौंचा व अन्य के साथ फरदीन से जबरन वसूली करने गए थे। रकम नहीं देने पर उन्होंने फरदीन पर डंडों से हमला किया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.