महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस गंभीर, पुलिसकर्मियों को पीओएसएच एक्ट-2013 का दिया प्रशिक्षण

फरीदाबाद।  कार्यस्थलों पर महिलाओं के साथ होने वाले यौन उत्पीडऩ की रोकथाम और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को थाना कोतवाली में पोश अधिनियम-2013 को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एडवोकेट काम्या चौधरी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिनियम के प्रावधानों और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, फरीदाबाद पुलिस द्वारा कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनके विरुद्ध होने वाले यौन उत्पीडऩ की घटनाओं की रोकथाम के लिए पोश अधिनियम के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

इसी उद्देश्य से थाना कोतवाली में आयोजित प्रशिक्षण सत्र के दौरान एडवोकेट काम्या ने पुलिसकर्मियों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से कानून की बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीडऩ (रोकथाम, निषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 के प्रमुख प्रावधानों, यौन उत्पीडऩ की कानूनी परिभाषा, आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) के गठन एवं उसकी भूमिका, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा शिकायत प्राप्त होने पर अपनाई जाने वाली कानूनी और विभागीय कार्रवाई के संबंध में विस्तार से समझाया। एडवोकेट काम्या ने कहा कि प्रत्येक महिला को अपने अधिकारों की जानकारी होना जरूरी है। साथ ही, संस्थानों और वहां कार्यरत कर्मचारियों को भी पोश अधिनियम के प्रावधानों की पूरी समझ होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार के यौन उत्पीडऩ की रोकथाम की जा सके और शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो। उनका उद्देश्य फरीदाबाद के प्रत्येक कार्यस्थल को महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक बनाना है। कार्यक्रम में थाना कोतवाली का समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। अब तक फरीदाबाद पुलिस के 5 से 6 थानों में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा चुका है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.