आशा वर्करों ने 1 से 3 दिसंबर तक हड़ताल कर दिल्ली पड़ाव में शामिल होने का लिया फैसला
42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन और 21 हजार रुपये पेंशन सहित सामाजिक सुरक्षा की मांग उठाई
फरीदाबाद। आशा वर्कर यूनियन हरियाणा के बैनर तले बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आशा वर्कर अपनी लंबित मांगों को लेकर 1 से 3 दिसंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल करेंगी और सीटू के आह्वान पर दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय देशव्यापी पड़ाव में बढ़-चढक़र भाग लेंगी। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला प्रधान हेमलता गोयल ने की तथा जिला सचिव सुधा ने संचालन किया। सम्मेलन को अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा, महासचिव ए. श्रीकुमार तथा सीटू हरियाणा के जिला प्रधान निरंतर पाराशर ने संबोधित किया।
आशा वर्कर यूनियन की राज्य उपाध्यक्ष एवं जिला सचिव सुधा ने कहा कि आशा वर्कर स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। वे बेहद कम मानदेय पर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं, लेकिन सरकार उन्हें आज भी कर्मचारी का दर्जा और न्यूनतम वेतन देने से बच रही है। यह महिला श्रमशक्ति का खुला शोषण है। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि केंद्र सरकार आशा वर्करों को कर्मचारी का दर्जा देकर न्यूनतम 42 हजार रुपये मासिक वेतन, 21 हजार रुपये पेंशन तथा तमाम सामाजिक सुरक्षा लाभ सुनिश्चित करे। उन्होंने 45वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशें लागू करने, स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण पर रोक लगाने, चारों लेबर कोड वापस लेने, बिना उचित पारिश्रमिक के ऑनलाइन कार्य बंद करने तथा वर्ष 2025 में घोषित 1500 रुपये की मानदेय वृद्धि तत्काल लागू करने की मांग की।
जिला प्रधान हेमलता गोयल ने कहा कि सरकार की उपेक्षा के चलते आशा वर्करों को अपने जायज अधिकारों के लिए बार-बार आंदोलन करना पड़ रहा है। 1 से 3 दिसंबर का दिल्ली पड़ाव केंद्र सरकार को अपनी मांगों के प्रति जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। सम्मेलन में पिछले दो वर्षों के दौरान सेवानिवृत्त हुई आशा वर्करों सुशील एवं सुदेश (तिगांव), उर्मिला (खेड़ी कला), कृष्ण वालिया (भीम बस्ती), मंजू (प्रतापगढ़), संतोष (दयालपुर), सुधा मिश्रा (संजय कॉलोनी), बीना देवी (इस्माइलपुर) तथा सुनीता (ईएसआई) को यूनियन की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके लंबे सेवाकाल और संगठन के प्रति योगदान की सराहना की। सम्मेलन में जिला प्रधान हेमलता गोयल, जिला सचिव सुधा, कोषाध्यक्ष नीलम जोशी, उपप्रधान सुशीला, अनीता एवं पूजा गुप्ता, सहसचिव कुसुम लता, संगीता, शाहीन परवीन, सीमा सहित अनेक आशा वर्कर मौजूद रही।
