सामाजिक कुरीतियों के विरोध में राजपूत महापंचायत 15 नवंबर को
फरीदाबाद। रविवार को होने वाली राजपूत महापंचायत का निमंत्रण देने आयोजन कर्ता गांव-गांव जा रहे हैं । ग़ौरतलब है कि 15 नवंबर को सुबह दस बजे ,शिव सैनी धर्मशाला ऊंचा गांव में एक राजपूत महा पंचायत का आयोजन किया जा रहा है । 52 पाल मिडकोला से प्रभावित होकर अधिकतर समाज अपनी-अपनी बिरादरी की पंचायत बुला रहे हैं और समाज में फैली हुई कुरीतियो के विरोध में अलख जगा रहे हैं । पंचायत में शादी ब्याह ,सगाई ,भात छोछक, मृत्यु भोज आदि के बारे में निर्णायक नियम बनाए जा रहे हैं । फिजूल खर्ची पर रोक लगाने के लिए महत्वपूर्ण फैसले किए जा रहे हैं । निमंत्रण पत्र बाँटते हुए बल्लभगढ़ की पूर्व विधायक शारदा राठौर ने कहा कि यह महापंचायत एक महा यज्ञ है जिसमें सभी की आहुति की आवश्यकता है । समाज के अग्रिम पंक्ति के लोग अगर अपनी मिसाल प्रस्तुत करें तो सारा समाज स्वत ही सुधर जाएगा ।
हर वर्ष दहेज रूपी दानव के कारण बहुत सी शादियां टूट जाती हैं । इस अवसर पर डॉक्टर हरेंद्र पाल राणा ने कहा कि युवा वर्ग का मार्गदर्शन करने के लिए ऐसी पंचायत का आयोजन बेहद जरूरी है इससे आपसी भाईचारा भी बढ़ता है । आज का युवा समझदार है वह समाज को नई दिशा में ले जाने के लिए तत्पर है । महापंचायत के संयोजक प्रताप भाटी ने कहा कि पंचायत के नियमों के क्रियान्वयन के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी जो गरीब कन्याओं का विवाह भी करावेगी । महापंचायत के समन्वयक राजेश रावत ने कहा की पंचायत द्वारा गठित कमेटी समय-समय पर समीक्षा बैठक भी करेगी और समाज के जरूरतमंद मेधावी छात्रों की मदद भी करेगी। यह कमेटी समाज के प्रतिभावान छात्रों को हर वर्ष सम्मानित करेगी । महापंचायत में फरीदाबाद व पलवल जिले के प्रबुद्ध जन् शामिल होंगे ।
