‘पुलिस की पाठशाला’ में 1200 छात्राओं को किया जागरूक, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के बताए गुर

परेड, सैल्यूट और आत्मरक्षा का दिया प्रशिक्षण, नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित

फरीदाबाद। विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद की ओर से 12 एवं 13 नवंबर को स्टूडेंट पुलिस कैडेट (स्क्कष्ट) कार्यक्रम और ‘पुलिस की पाठशाला’ के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास, आत्मरक्षा और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। गुरुवार को आयोजित स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पुलिस थाने की कार्यप्रणाली और पुलिस की विभिन्न गतिविधियों से रूबरू करवाया गया।

मास्टर ट्रेनर ईएसआई विनोद एवं मास्टर ट्रेनर कांस्टेबल मनोज ने विद्यार्थियों को परेड और सैल्यूट करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों तथा आत्मरक्षा के तरीकों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं, शुक्रवार को थाना सीही सेक्टर-8 एवं सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम द्वारा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सीही में ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 1200 छात्राओं एवं स्कूल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस टीम ने छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया।पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को समझाया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी ओटीपी, पासवर्ड तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाने की जानकारी भी दी गई। महिला सुरक्षा को लेकर छात्राओं को डायल-112 की आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा और दुर्गा शक्ति ऐप के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें जागरूक किया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय बिना किसी संकोच के पुलिस की सहायता लें। कार्यक्रम में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसकी शिक्षा, पारिवारिक जीवन और भविष्य को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने और खेलकूद सहित सकारात्मक गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया गया। विद्यालय प्रशासन ने फरीदाबाद पुलिस की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित भविष्य की दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करते हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.