दीपावली पर पटाखों से आंखों को बचाकर रखें, मामूली लापरवाही बन सकती है बड़ी परेशानी : डॉ. मनोज राय मेहता
वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक ने कहा, पटाखे जलाते समय बरते सावधानियां
फरीदाबाद। दीपावली रोशनी और खुशियों का त्योहार है, लेकिन पटाखे जलाते समय बरती गई जरा-सी लापरवाही आंखों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। पटाखों से निकलने वाली चिंगारी, गर्म राख और बारूद के कण आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इस संबंध में मेहता आई केयर के एमडी एवं वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. मनोज राय मेहता ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉ. मनोज राय मेहता ने बताया कि पटाखों की चिंगारी आंखों में जाने से जलन, लालिमा, पानी आना, कॉर्निया पर खरोंच, आंखों में सूजन और गंभीर स्थिति में आंखों की रोशनी तक प्रभावित हो सकती है। कई बार पटाखों के विस्फोट से निकले छोटे कण आंखों में फंस सकते हैं, जिससे गंभीर चोट पहुंचने का खतरा रहता है। बच्चों में इस तरह की घटनाओं का जोखिम अधिक होता है, इसलिए पटाखे जलाते समय उनकी विशेष निगरानी जरूरी है।
आंखों में चिंगारी या जलन होने पर क्या करें?
डॉ. मेहता ने बताया कि यदि पटाखे की चिंगारी या गर्म राख आंख में चली जाए तो आंख को बिल्कुल न रगड़ें और न ही उस पर दबाव डालें। आंख को साफ, सामान्य तापमान के बहते पानी से धीरे-धीरे धोएं। आंख में फंसे किसी कण को खुद निकालने की कोशिश न करें। आंख पर बर्फ, घी, तेल या कोई घरेलू नुस्खा न लगाएं। बिना डॉक्टर की सलाह के कोई आई ड्रॉप भी न डालें। उन्होंने कहा कि यदि आंख में जलन, दर्द, लालिमा, सूजन, लगातार पानी आना या धुंधला दिखाई देने जैसी परेशानी हो तो इसे नजरअंदाज न करें। विशेष रूप से चिंगारी से आंख जलने या चोट लगने की स्थिति में तुरंत नजदीकी नेत्र चिकित्सक के पास मरीज को लेकर जाएं। गंभीर चोट या नजर में बदलाव होने पर बिना देरी किए अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में पहुंचें।
