पतियों को छोड़ दो सहेलियां बच्चों सहित हुई फरार, जांच में जुटी पुलिस
फरीदाबाद।बचपन की दो सहेलियां अपने-अपने पतियों को छोडक़र चली गईं। पलवल और गुरुग्राम की रहने वाली दोनों महिलाएं अपने चार बच्चों को साथ लेकर घर से निकलीं। उनके पतियों का आरोप है कि दोनों लाखों रुपए के सोने के जेवर और कैश भी साथ ले गईं। पतियों का दावा है कि दोनों के बीच करीब डेढ़ साल से अफेयर था और अब उन्होंने आपस में शादी कर ली है। एक पति ने पत्नी की चैट भी दिखाई है, जिसमें दोनों एक-दूसरे के लिए ‘माई वाइफ’, ‘माई लव’ और ‘बाबू’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रही हैं। हालांकि, पुलिस जांच में अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। दोनों जिलों की पुलिस महिलाओं और बच्चों की तलाश कर रही है। पतियों का कहना है कि उन्हें अपनी पत्नियों के साथ रहने पर आपत्ति नहीं है, लेकिन वे चाहते हैं कि उनके बच्चे सुरक्षित वापस आ जाएं। पलवल निवासी सन्नी ने भवन कुंड चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2020 में बल्लभगढ़ की लक्ष्मण कॉलोनी निवासी मंजू (25) से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। बेटा 4 साल और बेटी 2 साल की है। 21 अगस्त को मंजू अचानक दोनों बच्चों को लेकर घर से चली गई।
घर से करीब 4 लाख रुपए के सोने के जेवर भी गायब मिले। काफी तलाश के बाद भी मंजू और बच्चों का पता नहीं चला तो उसने पुलिस को शिकायत दी। सन्नी के मुताबिक मंजू पिछले करीब डेढ़ साल से अपनी बचपन की सहेली रीणा से लगातार फोन पर बात कर रही थी। दोनों के बीच कई-कई घंटे बातचीत होती थी। रीणा की शादी 2020 में गुरुग्राम के पटौदी क्षेत्र के मुमताजपुर गांव निवासी वेदपाल से हुई थी। उसके भी दो बच्चे हैं। रीणा भी बल्लभगढ़ की लक्ष्मण कॉलोनी की रहने वाली है। सन्नी का कहना है कि मंजू के घर से जाने के बाद जब रीणा के बारे में पता किया गया तो सामने आया कि वह भी अपने दोनों बच्चों के साथ घर से गायब है। रीणा का बेटा करीब डेढ़ साल और बेटी करीब 4 साल की है। रीणा के पति वेदपाल का आरोप है कि वह करीब 5 लाख रुपए के सोने के जेवर और कुछ कैश भी साथ ले गई है।
सन्नी ने बताया कि मंजू और रीणा 12वीं तक साथ पढ़ी हैं। दोनों परिवारों के बीच भी सामान्य संबंध थे। ऐसे में उनकी दोस्ती पर कभी शक नहीं हुआ। वह मंजू और रीणा की लगातार फोन पर होने वाली बातचीत को बचपन की दोस्ती का हिस्सा समझता था। दोनों के एक साथ घर से चले जाने के बाद कॉल रिकॉर्ड और चैट सामने आईं तो उनके रिश्ते को लेकर शक हुआ। दोनों प्यार भरी बातें कर रही थीं। मंजू ने 5 जून को रीणा को लिखा था कि माई क्यूट वाइफ, आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं, मेरे बच्चे। बच्चा, मेरी तबीयत खराब हो गई थी, इसलिए मैं रात को विश नहीं कर पाई। पलवल भवनकुंड चौकी प्रभारी संजय ने बताया कि सन्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस महिलाओं की लोकेशन और अन्य जानकारी के आधार पर उनकी तलाश कर रही है। वहीं गुरुग्राम के पटौदी चौकी पुलिस के अनुसार वेदपाल की शिकायत पर महिला के लापता होने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। दोनों महिलाओं के मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वे कहां गई हैं और उनके साथ बच्चे किस स्थिति में हैं।
