यमुना में मगरमच्छ दिखने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत
फरीदाबाद। मंझावली गांव के समीप यमुना नदी के किनारे मगरमच्छ दिखने की सूचना के लोगों के बीच भय का माहौल बन गया है। हथनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी की वजह से यमुना में जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में जलीय जीवों का आबादी की ओर आने का खतरा भी बढ़ गया है। यमुना के किनारे किसानों के खेत हैं। खेती के साथ-साथ भैंसों को नहलाने के लिए यमुना किनारे जाते हैं। रविवार सुबह एक ग्रामीण ने यमुना नदी के किनारे मगरमच्छ दिखने का दावा किया।
जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। इससे पहले भी यमुना किनारे मगरमच्छ देखे जा चुके हैं। लोक निर्माण विभाग ने यमुना नदी में लगा हुआ पंटून पुल नहीं हटाया है। पानी छोड़े जाने की वजह से यह पुल टेड़ा हो गया है। यदि कोई व्यक्ति इसका प्रयोग करेगा तो उसके लिए खतरा रहेगा। लेकिन अधिकारियों को इसकी परवाह नहीं है। सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता गौरव लांबा ने बताया कि अभी पानी खतरे के निशान से नीचे है। यमुना नदी के घेरे में ही बह रहा है। लेकिन विभाग सतर्क है। ग्रामीणों को यमुना नदी किनारे न जाने की सलाह दी जा रही है।
