फरीदाबाद में युवक के माथे में लगी गोली:दोस्त के घर में कमरे में बैठा था

फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्र में एक युवक के गोली लगने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। 22 वर्षीय योगेश को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। गोली किसने और कहां से चलाई इसके बारे में अभी पुलिस की तरफ से कोई जानकारी नही दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

घर के अंदर चली गोली

जानकारी के अनुसार, भीकम कॉलोनी की गली नंबर-12 में मंगलवार दोपहर करीब साढे 12 बजे यह घटना हुई। योगेश अपने घर पर अपने दोस्त अभय के साथ मौजूद था। इसी दौरान अचानक देसी पिस्तौल से गोली चल गई, जो योगेश के माथे में जा लगी।

घटना के तुरंत बाद परिजन और आसपास के लोग घायल को बल्लभगढ़ के एक अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उसे बादशाह खान अस्पताल (बीके) रेफर कर दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली कैसे चली। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और मौजूद दोस्त अभय से पूछताछ की जा रही है।

घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी सामने आएगा, उसी के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.