स्वच्छता और सेवा पखवाड़ा: चंदावली में श्रमदान, पौधारोपण व रक्तदान शिविर का सफल आयोजन
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा और सेवा पखवाड़ा के तहत वार्ड 44 के गांव चंदावली में आज विशेष श्रमदान, पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच शिविर और शिव मंदिर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर प्रवीण जोशी और नगर निगम फरीदाबाद की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
महापौर प्रवीण जोशी ने स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता, सेवा और पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे श्रमदान, वृक्षारोपण और रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से हिस्सा लें।
अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि नगर निगम शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्वास्थ्य जांच शिविर और रक्तदान शिविर जैसी गतिविधियां सेवा पखवाड़े को और भी प्रभावी बनाती हैं। कार्यक्रम में निगम अधिकारी, स्थानीय पार्षद, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी भारी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान, पौधारोपण और रक्तदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मौके पर एएमसी डॉ. विजयपाल यादव, पार्षद जसवंत सैनी, सफाई निरीक्षक बृजमोहन शर्मा सहित गांव के अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
