जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के दो शोधकर्ता विश्व के शीर्ष 2 फीसदी वैज्ञानिकों में शामिल
फरीदाबाद। जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित शोधकर्ता डॉ. दीपांश शर्मा और डॉ.योगेंद्र आर्य को स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय और प्रमुख वैज्ञानिक प्रकाशक एल्सेवियर द्वारा जारी विश्व के शीर्ष 2 फीसदी वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है। यह सूची वैज्ञानिकों के शोध प्रकाशनों, उद्धरणों, एच-इंडेक्स और एक समग्र बिब्लियोमेट्री सूचकांक के आधार पर तैयार की जाती है। डॉ. योगेंद्र आर्य, जो इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर हैं,
को विद्युत पावर सिस्टम क्षेत्र में 15 वर्षों का अनुभव है और उन्होंने 70 से अधिक शोध पत्र प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित किए हैं। वे 2020 से लगातार छठे वर्ष इस वैश्विक सूची में स्थान बना रहे हैं। वहीं, डॉ. दीपांश शर्मा, लाइफ साइंसेज विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं, जिन्हें माइक्रोबायोलॉजी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उनके नाम 65 से अधिक शोध पत्र और 8 पुस्तकें हैं। उन्होंने लगातार दूसरे वर्ष सूची में स्थान प्राप्त किया है।
कुलपति प्रो. राजीव कुमार ने दोनों शोधकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की शोध संस्कृति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में उसकी भूमिका को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान छात्रों और अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनेगा। इस वर्ष भारत के 3,371 वैज्ञानिकों को इस सूची में स्थान मिला है, जो वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय में भारत के बढ़ते योगदान को दर्शाता है।
