फरीदाबाद के संवेदनशील इलाकों में जलभराव रोकने के लिए प्रशासनिक सतर्कता निरंतर जारी
- पल्ला इस्माइलपुर रोड, सेक्टर-28, 29, 37,अशोका एन्क्लेव, में चला विशेष अभियान
फरीदाबाद। मानसून पूर्व तैयारियों के अंतर्गत जिला प्रशासन फरीदाबाद द्वारा जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्यवाही की जा रही है। उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य है कि आगामी मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दिशा में सभी नालों की सफाई, जाम पाइप लाइनों की मरम्मत एवं जल निकासी के रास्तों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
उपायुक्त विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को पल्ला इस्माइलपुर रोड हरकेश कॉलोनी, सेक्टर- 29, सेक्टर- 28 स्थित राजेंद्र कॉलोनी, रजिंदर सिंह मार्किट, पल्ला चौक तिलपत रोड, मैन मार्किट सेक्टर- 37, मैन बाँध मार्ग संजय कॉलोनी, सेक्टर-37 अशोका एन्क्लेव, नेहरू कॉलोनी सेक्टर- 49, एनआईटी -03, सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में नालों की सफाई और ड्रेनेज प्वाइंट्स को अवरोध मुक्त करने के लिए विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। इन क्षेत्रों में मानसून के दौरान जलभराव की संभावना को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जा रहे हैं।
डीसी ने बताया कि इसके अंतर्गत प्रमुख नालों की समयबद्ध सफाई, अतिक्रमण हटाने, पंपिंग स्टेशनों की क्षमता वृद्धि तथा जल निकासी प्रणाली को सुचारू करने जैसे अहम कदम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सफाई के कार्यों को युद्धस्तर पर अंजाम दिया जा रहा है। जिन स्थानों पर अवैध निर्माणों के चलते जल निकासी बाधित हो रही थी, वहां से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सख्ती से की जा रही है। क्षेत्रों में जलभराव व ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से निपटने के लिए विशेष निगरानी दल तैनात किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन फील्ड में जाकर सफाई कार्यों का निरीक्षण करें और उसकी रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें। जल निकासी संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नालों में कूड़ा-कचरा न डालें और जल निकासी व्यवस्था को सहयोग प्रदान करें।
