ऑनलाइन कैब चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार

फरीदाबाद। फरवरी में सेक्टर-तीन से ऑनलाइन कैब को बुकिंग करके उसे चोरी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित से 30 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। बिहार के जिला मधुबनी के अटेर गांव के रहने वाले शत्रुघन झा जो संजय कॉलोनी छतरपुर दिल्ली में रहता है। उसने सेक्टर-तीन पुलिस चौकी में 21 फरवरी को शिकायत दी थी कि कोई व्यक्ति रैपिडो के माध्यम से बुकिंग करके उसकी कार को गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन से बल्लभगढ़ ले कर आया था।

जब शिकायतकर्ता उस व्यक्ति को लेकर तिगांव रोड पर पहुंचा तो उस व्यक्ति ने गाड़ी की बुकिंग के रुपये और कुछ अतिरिक्त पैसे देकर पानी की बोतल लाने को कहा। जब वह पानी लेकर वापस आया तो देखा की वह व्यक्ति उसकी गाड़ी को लेकर वहां से भाग गया था। इस शिकायत पर सेक्टर-तीन चौकी पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के रहने वाले हापुड़ जिले के महेशपुर गांव के रहने वाले पौशिक को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में पता चला है कि आरोपित काम की तलाश में गुरुग्राम आया था। 21 फरवरी को दिन के समय गुरुग्राम से बल्लभगढ़ आने के लिए उसने रैपीडो के माध्यम से कार बुक की थी। रास्ते में उसने ड्राइवर को शराब पिलाई और बल्लभगढ़ पहुंचने के बाद ड्राइवर को सामान लेने के लिए दुकान पर भेज दिया व गाड़ी को वहां से लेकर फरार हो गया। इसके बाद उसने गाड़ी को किसी अन्य को बेच दिया। आरोपित से 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपित एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है और गुरुग्राम व फरीदाबाद में नौकरी की तलाश में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जिला जेल नीमका भेज दिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.